बक्सर में कांवरियों का महाकुंभ, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजे घाट; 128 किमी पैदल गुप्ताधाम जाएंगे शिवभक्त

Updated:
विज्ञापन

शिव मंदिरों को जाते कांवरिए | Prabhat Khabar Network

सावन की चौथी सोमवारी के अवसर पर बक्सर के रामरेखा घाट पर कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी। शिवभक्त गंगाजल लेकर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के लिए रवाना हुए।

विज्ञापन

Buxar News : सावन की अंतिम और चौथी सोमवारी से पहले रविवार को धर्मनगरी बक्सर के पौराणिक गंगा घाटों पर कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा. ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा शहर शिवमय नजर आया. रामरेखाघाट और श्रीनाथ बाबा घाट पर इतनी भीड़ रही कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची. रोहतास, कैमूर, भोजपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से पहुंचे हजारों शिवभक्तों ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की और गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन

गंगा स्नान के बाद कांवर लेकर निकले शिवभक्त

कांवरियों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद जलपात्र में पवित्र गंगाजल भरा. इसके बाद कांवर लेकर विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हुए. अधिकांश कांवरिए सावन की अंतिम सोमवारी पर अपने निर्धारित शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे. शनिवार से शुरू हुआ कांवरियों के आने-जाने का सिलसिला रविवार की पूरी रात जारी रहा.

कांवर, गेरुआ वस्त्र और पूजन सामग्री की बढ़ी बिक्री

कांवरियों की भीड़ का असर बक्सर के बाजारों पर भी देखने को मिला. रामरेखाघाट के आसपास लगे विशेष बाजारों में कांवर, जलपात्र, गेरुआ वस्त्र और पूजा सामग्री की दुकानों पर भारी भीड़ रही. दुकानदार सरयू और राधेश्याम के अनुसार इस बार 50 से 500 रुपये तक के आकर्षक सजावटी कांवर उपलब्ध हैं. कांवरियों के बीच इनकी मांग सबसे अधिक रही.

बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के लिए रातभर पैदल यात्रा

बक्सर से गंगाजल लेकर निकलने वाले कांवरियों का बड़ा जत्था ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर के लिए रवाना हुआ. शिवभक्त रामरेखाघाट से गंगाजल लेकर रातभर पैदल यात्रा करते हुए ब्रह्मपुर धाम पहुंचेंगे. इसके अलावा इटाढ़ी के सोखाधाम सहित जिले के अन्य शिवालयों के लिए भी कांवरिए रवाना हुए. ट्रेनों, बसों और निजी वाहनों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बक्सर पहुंचे.

128 किलोमीटर पैदल चलकर गुप्ताधाम जाएंगे कांवरिए

बक्सर में केवल स्थानीय कांवरियों की ही भीड़ नहीं जुटी, बल्कि दूसरे जिलों से भी शिवभक्त पहुंचे. रोहतास के चेनारी से आए हजारों कांवरियों ने गंगाजल उठाया और करीब 128 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पर कैमूर की पहाड़ियों में स्थित गुप्ताधाम के लिए रवाना हुए. वहां बाबा गुप्तेश्वरनाथ का जलाभिषेक करेंगे. उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालु भी गंगाजल लेकर अपने-अपने शिवालयों की ओर रवाना हुए.

जगह-जगह सेवा शिविर, कांवरियों को फलाहार और चिकित्सा

कांवरियों की सुविधा के लिए बक्सर-पटना मुख्य मार्ग सहित कई प्रमुख रास्तों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने सेवा शिविर लगाए. इन शिविरों में कांवरियों के ठहरने, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सुविधा और फलाहार की व्यवस्था की गयी. स्वयंसेवक लगातार कांवरियों की सेवा में जुटे रहे.

बढ़ते गंगा जलस्तर को लेकर घाटों पर विशेष सुरक्षा

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए. रामरेखाघाट समेत अन्य घाटों पर गहरे पानी वाले स्थानों को बैरिकेडिंग कर सुरक्षित किया गया. गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमों को बोट के साथ तैनात किया गया. घाट परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गयी.

रविवार शाम से ट्रैफिक डायवर्जन लागू

कांवरियों की पैदल यात्रा को सुरक्षित रखने के लिए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया. रविवार शाम चार बजे से सोमवार सुबह 10 बजे तक बक्सर गोलंबर से ब्रह्मपुर धाम तक बायीं लेन पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगायी गयी. सिंडिकेट, ज्योति चौक और गजाधरगंज से रामरेखाघाट जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर डायवर्ट किया गया. कांवरिया पथ पर अतिरिक्त पुलिस बल और गश्ती दल की तैनाती की गयी.

शिव मंदिरों को जाते कांवरिए | Prabhat Khabar Network
शिव मंदिरों को जाते कांवरिए | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन