बारिश ने खोली बक्सर नगर निगम के जल निकासी की पोल, स्टेशन रोड, पीसी कॉलेज और नई बायपास पर जलजमाव
बक्सर स्टेशन रोड, पीसी कॉलेज और नई बायपास पर जलजमाव
बक्सर में बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. स्टेशन रोड, सेंट्रल जेल रोड और पीसी कॉलेज के पास सड़कों पर जलजमाव की स्थिति गंभीर बनी हुई है. बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कतें हो रही हैं.
Buxar Waterlogging : शहर में पिछले चार-पांच दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गयी है. लगातार बारिश से प्रमुख सड़कों के साथ सरकारी कार्यालयों और विद्यालय परिसरों में भी पानी जमा हो गया है. इससे आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
राजकीय बुनियादी विद्यालय परिसर में जमा हुआ पानी
बक्सर स्टेशन रोड स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय परिसर में बारिश का पानी काफी मात्रा में जमा है. परिसर में जलजमाव के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी हो रही है. कई जगहों पर बच्चों को पानी के बीच से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है. इसी परिसर में जिला शिक्षा पदाधिकारी का कार्यालय भी संचालित होता है. इसके बावजूद यहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी जमा है.
सेंट्रल जेल रोड और नई बाइपास पर भी जलजमाव
शहर के सेंट्रल जेल रोड, नई बाइपास रोड और पीसी कॉलेज के समीप भी सड़क पर काफी पानी जमा हो गया है. जलजमाव के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है. कई जगह पानी में सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है.
हर साल बारिश में सामने आती है जलजमाव की समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में हर वर्ष जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होती है. नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है. लोगों ने शहर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की है.
Also Read : बक्सर: चौसा-मोहनियां हाईवे पर चढ़ा पानी, कई गांव जलमग्न; बाढ़ का खतरा बढ़ा, प्रशासन 24 घंटे अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए