चीन में बक्सर के आरुष का जलवा, अंतरराष्ट्रीय रस्सी कूद प्रतियोगिता में जीते 4 पदक
डुमरी के लाल अपना कौशल का प्रदर्शन करते आरुष | Prabhat Khabar Network
सिमरी के डुमरी गांव के आरुष कुमार ने चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रस्सी कूद प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है।
Buxar News : सिमरी प्रखंड के डुमरी गांव निवासी आरुष कुमार ने चीन के ऐतिहासिक शहर शिआन में आयोजित सार्वभौमिक रस्सी कूद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है. जयराम कुँवर के पुत्र आरुष ने प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए. उनकी इस उपलब्धि से डुमरी गांव समेत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है.
आपके शहर में
चीन में आरुष ने दिखाया दम
प्रतियोगिता में विश्व के कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. कड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच आरुष ने एकल और समूह दोनों वर्गों में बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
गांव में खुशी का माहौल
आरुष की सफलता की खबर मिलते ही डुमरी गांव में खुशी का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद आरुष ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है. उनकी उपलब्धि क्षेत्र के दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है.
पंचायत ने सम्मान का किया ऐलान
डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेमसागर कुँवर ने आरुष की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उन्होंने पूरे पंचायत का मान बढ़ाया है. मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. पंचायत परिवार की ओर से जयराम कुँवर के पूरे परिवार को बधाई दी गयी है. आरुष को पंचायत स्तर पर सम्मानित करने की भी घोषणा की गयी है.
उज्ज्वल भविष्य की कामना
आरुष की सफलता पर गांव के लोगों ने हर्ष जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. ग्रामीणों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली यह उपलब्धि डुमरी समेत पूरे बक्सर जिले के लिए गर्व का विषय है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए