रघुनाथपुर में ओवरलोड बालू वाहनों पर चलेगा प्रशासन का चाबुक, बक्सर DTO ने दिया सख्त जांच के आदेश

Author Santosh Kant|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
समाहारणालय बक्सर

समाहारणालय बक्सर

बक्सर जिले के रघुनाथपुर में ओवरलोड बालू लदे ट्रकों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. जिला प्रशासन ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सघन जांच और कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं. अब परिवहन विभाग, पुलिस और अनुमंडल प्रशासन मिलकर नियम तोड़ने वाले वाहनों पर सख्ती बरतेंगे.

विज्ञापन

Overloaded Sand Trucks Raghunathpur : बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत रघुनाथपुर और आसपास के रिहायशी इलाकों में लंबे समय से ओवरलोड बालू लदे ट्रकों, डंपरों और हाइवा के आतंक से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए सघन जांच और कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं. जिला परिवहन पदाधिकारी ने परिवहन विभाग, पुलिस और अनुमंडल प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है.

Buxar News: सहयोग पोर्टल पर शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

रघुनाथपुर गांव निवासी शैलेश कुमार ओझा ने राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर बताया था कि रघुनाथपुर और ब्रह्मपुर के रिहायशी क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्षमता से अधिक बालू लदे ट्रक, डंपर और हाइवा गुजरते हैं. भारी वाहनों के कारण स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शिकायत मिलने के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी राज कुमार प्रसाद ने तत्काल मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए.

टूटी सड़कें और जर्जर पुलिया बनी बड़ी चिंता

शिकायत में बताया गया है कि ओवरलोड वाहनों के लगातार परिचालन से क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. जगह-जगह बड़े गड्ढे बन जाने से आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. वाहनों से उड़ने वाली धूल और तेज आवाज के कारण आसपास रहने वाले लोगों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी हो रही है.

सबसे गंभीर स्थिति रघुनाथपुर-बागेन मार्ग पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास बनी पुलिया की बताई गई है. लगातार भारी वाहनों के दबाव से पुलिया जर्जर हो चुकी है और उसके कभी भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई गई है. अस्पताल के पास होने के कारण यहां हर समय मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही रहती है, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है.

पहले भी चल चुका है विशेष जांच अभियान

जिला परिवहन कार्यालय ने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है. 21 मई 2026 को जारी आदेश के तहत प्रवर्तन अवर निरीक्षकों को सप्ताह में चार दिन विशेष वाहन जांच अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी. इसके बावजूद शिकायतें लगातार मिलने पर प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है.

एमवीआई, पुलिस और प्रशासन मिलकर करेंगे कार्रवाई

नए आदेश के तहत बक्सर के मोटरयान निरीक्षक, प्रवर्तन अवर निरीक्षक और ब्रह्मपुर थाना अध्यक्ष को संयुक्त रूप से ओवरलोड वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी पत्र भेजकर आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है.

लोगों को कार्रवाई का इंतजार

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन लगातार अभियान चलाता है तो ओवरलोड वाहनों के आतंक से राहत मिलेगी और सड़कें व पुलिया सुरक्षित रह सकेंगी. लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस बार केवल औपचारिक जांच नहीं, बल्कि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी होगी, ताकि भविष्य में रिहायशी क्षेत्रों से ओवरलोड वाहनों का परिचालन रोका जा सके.

Also Read : श्रीमद्भागवत कथा से गूंजा बक्सर, मेहनत और तपस्या के बिना नहीं मिलती सफलता-किशोरी प्रज्ञा पांडेय



विज्ञापन
Santosh Kant

लेखक के बारे में

By Santosh Kant

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन