बक्सर में 75 दिवसीय एनीमिया स्क्रीनिंग अभियान शुरू, पांच वर्गों की होगी जांच

Updated:
विज्ञापन

फोटो- कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर डीएम, डीडीसी व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

बक्सर में 75 दिवसीय एनीमिया मुक्त अभियान शुरू हुआ। इसमें 5 लक्षित समूहों की हीमोग्लोबिन जांच, परामर्श और आयरन-फोलिक एसिड का वितरण किया जाएगा।

विज्ञापन

Buxar News : मुख्यमंत्री बिहार की ओर से राज्य स्तर पर शुरू किए गए 75 दिवसीय एनीमिया स्क्रीनिंग, परामर्श एवं रेफरल अभियान का शुभारंभ मंगलवार को बक्सर जिले में भी किया गया. राज्य स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम से जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. अभियान का उद्देश्य एनीमिया से प्रभावित लोगों की समय पर पहचान कर हीमोग्लोबिन जांच, परामर्श, आयरन-फोलिक एसिड (IFA) वितरण और जरूरत पड़ने पर रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराना है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पांच लक्षित समूहों की होगी एनीमिया स्क्रीनिंग

अभियान के तहत पांच लक्षित समूहों को शामिल किया गया है. इनमें 5 से 9 वर्ष के बच्चे, 10 से 19 वर्ष के किशोर-किशोरियां, 20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु की महिलाएं, गर्भवती महिलाएं और धात्री माताएं शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि इन सभी वर्गों तक अभियान का लाभ पहुंचाया जाए.

अस्पताल से लेकर हेल्थ सेंटर तक जांच की व्यवस्था

जिले के सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, VHSND और टीकाकरण स्थलों पर एनीमिया जांच की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा RBSK की टीमें स्कूलों में पहुंचकर बच्चों और किशोरों की स्क्रीनिंग करेंगी.

डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर से होगी जांच

अभियान के दौरान डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर से हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी. इसके लिए Hb स्ट्रिप, लैंसेट, दस्ताने समेत आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) और RBSK की टीमों को जांच की जिम्मेदारी दी गयी है.

डीएम ने शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग का दिया निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि एनीमिया की समय पर पहचान बेहद जरूरी है, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में. उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जांच के बाद आवश्यकतानुसार परामर्श, IFA उपलब्ध कराने और गंभीर मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था रहेगी.

ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा जागरूकता अभियान

उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर व्यापक जागरूकता और मोबिलाइजेशन अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी जांच से वंचित न रहे. जिला स्वास्थ्य समिति ने लोगों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर एनीमिया की जांच जरूर कराएं.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन