रक्षाबंधन की रात रहस्यमय ढंग से गायब हुए 57 वर्षीय वृद्ध, बगीचे में मिले कपड़े-चप्पल; बनियान में लापता होने से बढ़ा रहस्य

Updated:
विज्ञापन

हरनाही रोड स्थित बगीचे में वृद्ध की तलाश करती पुलिस और परिजन 2 लपाता ओकील का फोटो | Prabhat Khabar Network

डुमरांव में रक्षाबंधन की रात 57 वर्षीय वृद्ध रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। बगीचे में उनके कपड़े और चप्पल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में जुटी।

विज्ञापन

Buxar News : रक्षाबंधन की रात डुमरांव शहर के हरनाही रोड स्थित कटरा अवतार बंगाली गली के समीप एक बगीचे से 57 वर्षीय वृद्ध के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. लापता वृद्ध की पहचान रहथुआ निवासी ओकील पासी, पिता स्व. हरिलाल पासी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और आसपास के इलाके में तलाश अभियान चलाया. हालांकि अब तक वृद्ध का कोई सुराग नहीं मिल सका है.

आपके शहर में

विज्ञापन

रोज की तरह खाना लेकर बगीचे में सोने गये थे

परिजनों के अनुसार ओकील पासी पिछले तीन वर्षों से अपनी बड़ी बेटी राबड़ी देवी के साथ डुमरांव में रह रहे थे. उनकी बेटी ने हरनाही रोड के पास एक कटरा और बगीचा किराये पर ले रखा है, जहां वह फल-फूल बेचने का काम करती है. ओकील बगीचे की रखवाली करने के साथ आम, अमरूद सहित अन्य फलों को तोड़ने और बेचने में बेटी की मदद करते थे.

रक्षाबंधन की रात भी ओकील रोज की तरह फल बेचने के बाद बेटी के घर पहुंचे. वहां से खाना और कटरा की चाबी लेकर करीब एक किलोमीटर दूर स्थित बगीचे में सोने चले गये. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे.

बगीचे में मिले कपड़े और चप्पल, उठे कई सवाल

अगली सुबह बेटी जब बगीचे में पहुंची तो ओकील वहां मौजूद नहीं थे. मौके पर उनका कुर्ता, पैंट और चप्पल पड़े मिले. बताया जा रहा है कि वह केवल बनियान पहने हुए थे. इस तरह कपड़े और चप्पल का बगीचे में मिलना तथा वृद्ध का अचानक गायब हो जाना परिजनों के लिए चिंता का कारण बन गया है.

पुलिस ने आसपास के इलाके में चलाया तलाशी अभियान

घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव पुलिस बगीचे में पहुंची. पुलिस ने मौके का जायजा लेने के साथ आसपास के इलाकों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया. परिजनों से पूछताछ कर वृद्ध के बारे में जानकारी जुटायी गयी. पुलिस दुर्घटना, आपराधिक घटना और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

परिजनों ने कहा- किसी से नहीं था विवाद

परिजनों का कहना है कि ओकील पासी का किसी के साथ कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी. ऐसे में उनका अचानक लापता होना और बगीचे में कपड़े-चप्पल मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है. परिजन लगातार वृद्ध की तलाश में जुटे हैं.

पुलिस बोली- जल्द होगा मामले का खुलासा

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वृद्ध के लापता होने को लेकर सनहा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस उनकी तलाश में लगातार प्रयास कर रही है. मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही वृद्ध का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

हरनाही रोड स्थित बगीचे में वृद्ध की तलाश करती पुलिस और परिजन  2 लपाता ओकील का फोटो   | Prabhat Khabar Network
हरनाही रोड स्थित बगीचे में वृद्ध की तलाश करती पुलिस और परिजन 2 लपाता ओकील का फोटो | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन