ऑनलाइन व्यवस्था के बाद फिर गुलजार हुआ बक्सर निबंधन कार्यालय, एक दिन में हुई 8 रजिस्ट्रियां

Updated:
विज्ञापन

फोटो निबंधन कार्यालय बक्सर | Prabhat Khabar Network

बक्सर रजिस्ट्री कार्यालय में ऑनलाइन निबंधन प्रक्रिया के बाद अब रौनक लौटने लगी है। बिचौलियों के बिना जमीन रजिस्ट्री की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

विज्ञापन

Buxar News : भूमि निबंधन की ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद शुरुआती दिनों में वीरान पड़ा बक्सर निबंधन कार्यालय अब धीरे-धीरे फिर गुलजार होने लगा है. नयी प्रक्रिया को समझने के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. शनिवार को बक्सर निबंधन कार्यालय में कुल 8 दस्तावेजों का निबंधन किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में बेहतर आंकड़ा है. विभागीय अधिकारियों का मानना है कि मंगलवार से रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है.

आपके शहर में

विज्ञापन

शुरुआत में एक-दो रजिस्ट्री तक सिमट गयी थी संख्या

जिले में भूमि निबंधन का काम दूसरे चरण के तहत 3 अगस्त से पूरी तरह ऑनलाइन किया जा रहा है. नयी व्यवस्था के तहत जमीन का निबंधन पब्लिक डोमेन के माध्यम से किया जा रहा है. व्यवस्था लागू होने के शुरुआती दिनों में लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण परेशानी हुई. इसका असर रजिस्ट्री की संख्या पर भी पड़ा. कई दिनों में एक-दो दस्तावेजों का ही निबंधन हो सका, जबकि कुछ दिनों में यह संख्या शून्य तक पहुंच गयी थी. अधिकतम तीन रजिस्ट्रियां ही हो पा रही थीं.

घर बैठे आवेदन, ऑनलाइन होगी स्लॉट बुकिंग

नयी व्यवस्था में जमीन बेचने और खरीदने वाले व्यक्ति अपनी आईडी के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. दस्तावेजों का सत्यापन और स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया भी ऑनलाइन ही पूरी की जा रही है. आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित समय पर निबंधन कार्यालय पहुंचकर रजिस्ट्री करायी जा सकती है. इसके लिए कोई भी व्यक्ति साइबर कैफे के माध्यम से भी ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकता है.

बिचौलियों की भूमिका हुई खत्म

निबंधन विभाग की इस नयी व्यवस्था का उद्देश्य प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के साथ आम लोगों को बिचौलियों और दलालों के चंगुल से मुक्त करना है. ऑनलाइन प्रक्रिया में आवेदक सीधे अपनी आईडी से आवेदन कर रहा है. इससे रजिस्ट्री प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप की गुंजाइश कम हुई है. विभागीय कर्मचारियों द्वारा भी लोगों को नयी प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है.

106 लोगों को सेवा प्रदाता का लाइसेंस

पुरानी व्यवस्था में कातिब के रूप में काम करने वाले लोगों को अब सेवा प्रदाता के तौर पर लाइसेंस दिया गया है. जिले में 106 लोगों को सेवा प्रदाता का लाइसेंस दिया गया है. लाइसेंसधारी निर्धारित राशि तक का स्टांप रख सकेंगे और रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में सहायता कर सकेंगे. इससे तकनीकी जानकारी के अभाव में लोगों को होने वाली परेशानी भी कम होगी.

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी रजिस्ट्री की संख्या

लोगों के बीच ऑनलाइन निबंधन प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ने के साथ अब रजिस्ट्री की संख्या भी बढ़ने लगी है. विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में निबंधन कार्यालय में पुरानी तरह चहल-पहल लौटेगी. ऑनलाइन व्यवस्था से समय की बचत के साथ निबंधन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है.

क्या कहते हैं निबंधन पदाधिकारी

निबंधन पदाधिकारी बक्सर असित कुमार सिंह ने बताया कि नयी व्यवस्था लागू होने के शुरुआती दिनों में रजिस्ट्री की गति धीमी थी, लेकिन अब स्थिति में सुधार हो रहा है. आने वाले दिनों में रजिस्ट्री की संख्या पुराने स्तर तक पहुंचने की उम्मीद है. ऑनलाइन व्यवस्था से समय की बचत होगी और भ्रष्टाचार व बिचौलियों से भी लोगों को राहत मिलेगी.

फोटो निबंधन कार्यालय बक्सर | Prabhat Khabar Network
फोटो निबंधन कार्यालय बक्सर | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन