शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है : डीएम

जिले के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों को बेहतर परीक्षा परिणाम दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गयी है.
बिहारशरीफ. जिले के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों को बेहतर परीक्षा परिणाम दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गयी है. शनिवार को जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने स्थानीय नालंदा कॉलेजिएट विद्यालय में नालंदा लाइव क्लासेज के अंतर्गत मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी के लिए चिन्हित टॉप-100 विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष क्रैश कोर्स का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है. विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित एवं निरंतर अध्ययन के माध्यम से परीक्षा की तैयारी करनी चाहिए. उन्होंने बताया कि बिहार बोर्ड परीक्षा 2026 को ध्यान में रखते हुए नालंदा जिले के सभी 283 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए क्रैश कोर्स एवं मॉक टेस्ट 2026 का आयोजन किया गया है, ताकि छात्र-छात्राएं परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें. जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में नालंदा स्मार्ट लाइव क्लासेज के तहत 24 नवंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक यू-ट्यूब लिंक के माध्यम से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की गयी. इस दौरान कक्षा 10वीं के लिए कुल 162 कक्षाएं तथा कक्षा 12वीं के विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के लिए 212 कक्षाएं सफलतापूर्वक चलायी गयी. इन कक्षाओं में प्रधानाध्यापक, स्मार्ट नोडल शिक्षक एवं विषय विशेषज्ञों की सक्रिय भूमिका रही. सेंटअप परीक्षा के आधार पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के टॉप विद्यार्थियों को चयनित कर नालंदा मॉक टेस्ट-2026 में सम्मिलित कराया गया, जिसमें जिले भर से लगभग 11,320 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. इसके उपरांत जिले के सभी 20 प्रखंडों से टॉप-10 विद्यार्थियों का चयन कर कुल 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष मार्गदर्शन के लिए चुना गया है. इन विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिनों में अपनाई जाने वाली परीक्षा रणनीति, समय प्रबंधन तथा क्या करें और क्या न करें विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है. जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नालंदा लाइव क्लासेज मेधावी छात्रों के लिए एक सशक्त मंच है, जिससे उन्हें अनुभवी शिक्षकों का गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है. उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह विशेष कक्षा जिले को मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने में सहायक सिद्ध होगी और नालंदा के छात्र-छात्राएं राज्य स्तर पर जिले का नाम रौशन करेंगे. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी आनंद विजय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा मो. शाहनवाज, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




