नालंदा : चोरी से बचने को 25 हजार खर्च कर लगाए CCTV, चोरों ने स्कूल के सारे कैमरे ही कर दिए पार
सांकेतिक तस्वीर
नालंदा के सिलाव बाजार स्थित लार्ड जेसिस स्कूल में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना हुई है, जहां चोर परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे और बाहर रखे सामान चुरा ले गए. चार दिन पहले निदेशक के घर हुई चोरी पर कार्रवाई न होने और आसपास खाली मकानों में नशेड़ियों के जमघट से लोगों में भारी आक्रोश व दहशत है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है.
नालंदा के के सिलाव बाजार स्थित साहू कॉलोनी में लार्ड जेसिस स्कूल में एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार चोरी की घटना सामने आने से स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने स्कूल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को चोरी कर लिया. इसके अलावा स्कूल के बाहर रखे कुछ सामान भी चोर अपने साथ ले गए.
चार दिन पहले घर में हुई थी चोरी
स्कूल के निदेशक किशोर कुमार ने बताया कि करीब चार दिन पहले उनके घर में भी चोरी की घटना हुई थी. घटना की लिखित सूचना सिलाव थाना को दी गई थी. उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद उन्होंने करीब 25 हजार रुपये खर्च कर स्कूल के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे.
खाली मकानों में नशेड़ियों का जमावड़ा
किशोर कुमार ने बताया कि स्कूल के आसपास कई मकान लंबे समय से खाली पड़े हैं. उनका आरोप है कि इन खाली मकानों में नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा लगा रहता है और वहां नशीले पदार्थों की बिक्री भी होती है. इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है.
डीएसपी के निर्देश पर पहुंची पुलिस
शनिवार की सुबह घटना की जानकारी देने के लिए सिलाव थाना अध्यक्ष को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया. इसके बाद उन्होंने राजगीर डीएसपी को घटना की सूचना दी. डीएसपी को सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर का निरीक्षण कर घटना की जांच-पड़ताल की.
सुरक्षा और गश्ती बढ़ाने की मांग
एक ही सप्ताह में स्कूल और निदेशक के घर में चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि पुलिस को रात में गश्ती बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए. स्कूल प्रबंधन ने चोरों की जल्द गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में नशे के कारोबार पर कार्रवाई की मांग की है
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए