नालंदा: इसलामपुर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF और पुलिस की छापेमारी में भारी मात्रा में हथियार बरामद

प्रेस वार्ता करते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
Nalanda News : नालंदा के इसलामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है. छापेमारी में हथियार बनाने के उपकरण और अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए हैं. एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Nalanda News : नालंदा के इसलामपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ एवं डीआईयू की टीम के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए इसलामपुर थाना क्षेत्र के सुहावनपुर सूढ़ी गांव में छापेमारी कर एक मकान में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस संयुक्त छापेमारी में हथियार बनाने के उपकरण, अर्द्धनिर्मित आग्नेयास्त्र तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए. छापेमारी में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में हिलसा जेल भेज दिया गया.
कारखाने में चल रहा था अवैध धंधा
इस संबंध में हिलसा-2 इसलामपुर डीएसपी कुमार ऋषि राज ने इसलामपुर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इसलामपुर थाना क्षेत्र के सुहावनपुर सूढ़ी गांव में रमण विश्वकर्मा नामक धंधेबाज के मकान स्थित लोहे का गेट एवं खिड़की बनाने वाले कारखाने में गुप्त तरीके से हथियार बनाने का काम किया जा रहा है. पुलिस प्राप्त सूचना के आलोक में रमण विश्वकर्मा नामक धंधेबाज की दुकान में छापेमारी कर हथियार बनाने का पूरा सेटअप देख भौचक्की रह गई, जहां अवैध आग्नेयास्त्र निर्मित किए जा रहे थे.
भारी मात्रा में उपकरण हुए बरामद
डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें एक देशी कट्टा एवं कट्टा बनाने वाली 2 स्प्रिंग, एक पीस हैमर एल आकार का, हैमर का लोहा, 3 ड्रिल मशीन, 2 ग्राइंडर मशीन, 2 बेंच मशीन, एक एयर आयरन मशीन, लगभग 20 किलोग्राम वजन का लोहे का बाट, लकड़ी का हैंड प्रेस मशीन, बड़ा कटर मशीन, एक जेनरेटर, बड़ी ड्रिल मशीन एवं एक मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया है.
आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-AA) समेत अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है. छापेमारी में इसलामपुर अपर थानाध्यक्ष राम कुमार पाल, पु.अ.नि. शफीउल्लाह अंसारी, अरुण कुमार राय, स.अ.नि. रामाश्रय कुमार के साथ एसटीएफ एवं डीआईयू टीम शामिल थीं.
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि इससे पूर्व में भी गिरफ्तार रमण विश्वकर्मा को अवैध हथियार निर्माण के आरोप में इसलामपुर थाना कांड संख्या 545/2025 में पुलिस जेल भेज चुकी है. जेल से छूटने के बाद आरोपी फिर से इस धंधे से जुड़ गया और पुलिस ने दोबारा इसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हिलसा भेज दिया. अवैध हथियार निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. डीएसपी ने बताया कि इस मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : उद्घाटन के इंतजार में नालंदा मॉडल सदर अस्पताल का ICU, गंभीर मरीजों को हायर सेंटर किया जा रहा रेफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










