नालंदा में साइबर अपराध पर पुलिस का शिकंजा, महिला समेत पांच गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

महिला समेत पांच गिरफ्तार

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

नालंदा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है जो साइबर कैफे और सीएसपी केंद्रों से संदिग्ध तरीके से पैसे निकाल रही थी. इसके अलावा, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में इस्तेमाल सिम कार्ड जारी करने के आरोप में चार अन्य लोगों को भी पकड़ा गया है.

विज्ञापन

cyber police arrest: नालंदा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने साइबर कैफे और सीएसपी केंद्रों से संदिग्ध तरीके से रुपये की निकासी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है. वहीं, साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में इस्तेमाल किये गये सिम कार्ड जारी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दोनों मामलों में पुलिस ने कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

विज्ञापन

साइबर कैफे-सीएसपी संचालकों ने बिछाया जाल, महिला गिरफ्तार

साइबर थाना अध्यक्ष ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक महिला अलग-अलग स्थानों पर स्थित साइबर कैफे और सीएसपी केंद्रों पर पहुंचकर रुपये की निकासी कर रही थी. महिला के निकासी करने के कुछ समय बाद संबंधित दुकानदारों के बैंक खातों में राशि होल्ड या फ्रीज हो जा रही थी. इससे दुकानदारों को आर्थिक और बैंकिंग संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.

लगातार हो रही परेशानी से आजिज साइबर कैफे और सीएसपी संचालकों ने आपस में समन्वय कर महिला को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. महिला के दोबारा एक साइबर कैफे केंद्र पर पहुंचते ही संचालकों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद उसे नालंदा साइबर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.

पूछताछ और कार्रवाई के बाद कतरीसराय थाना क्षेत्र की 26 वर्षीय गुड़िया कुमारी (काल्पनिक नाम) को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से दो स्क्रीनटच मोबाइल बरामद किये गये हैं. इस मामले में नालंदा साइबर थाना में कांड दर्ज किया गया है. आरोपी महिला को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

साइबर ठगी में इस्तेमाल सिम जारी करने के आरोप में चार गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के तकनीकी विश्लेषण और सत्यापन के दौरान कई मोबाइल नंबरों का संबंध अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं से पाया गया. इसके बाद नालंदा साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज स्थित निर्मल टेलीकॉम और अरव टेलीकॉम में छापेमारी की.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सिम कार्ड जारी करने वाले 35 वर्षीय अभिनव कुमार उर्फ दिपु, 23 वर्षीय बॉबी कश्यप, 28 वर्षीय विनय पासवान और 25 वर्षीय अनुज कुमार को गिरफ्तार किया. साइबर थानाध्यक्ष के अनुसार, इन लोगों के संबंध साइबर अपराध में प्रयुक्त सिम कार्ड जारी करने से जुड़े पाए गये हैं.

पुलिस ने इनके पास से दो स्क्रीनटच मोबाइल बरामद किये, जिनमें पीओएस संचालित था. इस मामले में भी नालंदा साइबर थाना में कांड दर्ज किया गया. चारों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हुई कार्रवाई

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, प्राप्त शिकायतों और स्थानीय स्तर पर जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से जिले में साइबर अपराध के नेटवर्क पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी.

अभियान में साइबर थाना के पुलिस पदाधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों, सशस्त्र बल तथा जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन