सिलाव में पूर्व वार्ड पार्षद के घर चोरी, दीवार फांदकर एलईडी टीवी और सिलेंडर ले गये चोर
चोरी किए गए समान को लिखते वार्ड पार्षद प्रतिनिधि
सिलाव नगर पंचायत में चोरी की घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया है. ताजा मामला पूर्व वार्ड पार्षद के घर का है, जहां चोरों ने दीवार फांदकर लाखों के सामान उड़ा दिए. घटना से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.
theft in silao: सिलाव नगर पंचायत क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला नगर पंचायत के पूर्व वार्ड पार्षद के घर का है, जहां देर रात चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस गये. चोर घर में रखा बड़ा एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर समेत कई सामान चोरी कर फरार हो गये. सुबह परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी हुई. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है.
दीवार फांदकर घर में घुसे चोर
पूर्व वार्ड पार्षद के प्रतिनिधि बच्चन कुमार सिन्हा ने बताया कि रात में परिवार के सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे. इसी दौरान चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हो गये. इसके बाद चोरों ने घर में रखे सामान को खंगाला और बड़ा एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गये.
सुबह परिवार के लोग जब सोकर उठे तो दीवार पर लगा एलईडी टीवी गायब मिला. इसके बाद घर में रखे अन्य सामान की जांच की गयी तो कई सामान भी नहीं मिले. चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग हैरान रह गये.
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान की उम्मीद
बच्चन कुमार सिन्हा ने बताया कि घर के आसपास कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं. उनका कहना है कि पुलिस यदि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गंभीरता से जांच करे तो चोरों की पहचान हो सकती है.
घटना को लेकर सिलाव थाने में लिखित आवेदन दिया गया है. इसमें पुलिस से मामले की जांच कर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की गयी है.
लगातार चोरी से लोगों में बढ़ी चिंता
सिलाव नगर पंचायत और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घरों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं. इससे लोग अपने घर और दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह होते ही कई दुकानदार सबसे पहले दुकान का ताला और सामान जांचते हैं. वहीं, घरों में भी लोग रात में किसी तरह की चोरी होने की आशंका को लेकर सतर्क रहने लगे हैं.
पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने के बावजूद पुलिस अब तक चोर गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी है. इससे पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
आवेदन के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस को दिये गये आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू होने की बात कही जा रही है. अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों के संबंध में सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए