चेन्नई ट्रिपल मर्डर. शव लाने और मुआवजे के लिए परिजनों ने जाम की सड़क

चेन्नई ट्रिपल मर्डर मामले में विवाहिता और डेढ़ साल के बच्चे का शव मंगवाने और मुआवजे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पीड़ित परिजन ने सड़क जाम कर दिया.
शेखपुरा. चेन्नई ट्रिपल मर्डर मामले में विवाहिता और डेढ़ साल के बच्चे का शव मंगवाने और मुआवजे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पीड़ित परिजन ने सड़क जाम कर दिया. शेखपुरा-बरबीघा बाईपास तीनमुहानी के पास बैरियर गिराकर लोगों ने जमकर हंगामा मचाया. इस मौके पर बड़ी संख्या में एक कोचिंग के छात्र-छात्राएं भी जमकर जाम कर रहे लोगों के समर्थन में जुट गये. जाम के दौरान बड़ी संख्या में सड़क पर वाहनों का काफिला खड़ा हो गया. सड़क जाम की जानकारी मिलते ही मौके पर टाउन थाना पुलिस पहुंची और मामूली बल प्रयोग कर कोचिंग के छात्र-छात्राओं को जाम स्थल से हटा दिया. इस दौरान छात्र-छात्राओं के साथ-साथ परिजनों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई. काफी मशक्कत के बाद टाउन थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने पीड़ित परिजनों को समझा-बुझाकर डीएम से मिलवाने ले गये. मौके पर जानकारी देते हुए टाउन थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिजनों की मुलाकात जिलाधिकारी से हो गयी है. श्रम अधीक्षक राजेश सिन्हा ने बताया कि श्रम विभाग के माध्यम से शव को मंगवाने एवं दो लाख रुपए का मुआवजा भुगतान करने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करने का डीएम ने निर्देश दिया है. इस बाबत श्रम अधीक्षक ने बताया कि श्रम विभाग पटना के द्वारा चेन्नई से मृतकों के शव को मंगाया जा रहा है. इसके साथ ही मुआवजे की दिशा में त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है. चेन्नई में ट्रिपल मर्डर क्या है मामला : 15 जनवरी को रोजगार की तलाश में शेखपुरा जिले के पथलाफार गांव निवासी गौरव कुमार अपनी पत्नी और डेढ़ साल के बच्चे के साथ चेन्नई गये थे. बिहार के ही सिकंदर नामक व्यक्ति ने उसे थारामनी शहर में स्थित गवर्नमेंट ऑफ तमिलनाडु के इंस्टीट्यूट आफ केमिकल टेक्नोलॉजी कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाई थी. इस कॉलेज कैंपस में युवक के आवास की व्यवस्था भी मुहैया कराया गया था. ड्यूटी ज्वाइन करने के तीन दिन बाद ही इस कॉलेज परिसर में सिकंदर उनके पांच अन्य सहयोगियों ने शराब पार्टी का आयोजन किया. शराब पार्टी के दौरान बिहार के ही रविंद्र नाथ, सिकंदर कुमार, विकास कुमार, ललित कुमार, सत्येंद्र कुमार नाम के आरोपितों ने मृतक के विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया. इस दौरान विरोध करने पर गौरव और उनके पत्नी एवं बच्चे को हत्या कर शव को अलग-अलग डंपिंग यार्ड में फेंक दिया था. इस घटनाक्रम में 25 जनवरी को बरामद शव को परिजन शेखपुरा के पथलाफार गांव ले आए. जबकि बाद में मिले बच्चे एवं महिला के शव को शेखपुरा लाने के लिए पीड़ित परिजनों ने शेखपुरा शहर के बाईपास तीन मुहानी को जाम कर दिया. कोचिंग संचालक पर होगी कार्रवाई : सड़क जाम के दौरान बड़ी संख्या में कोचिंग के छात्रों को देख पुलिस हैरान रह गयी. पथलाफार निवासी गौरव के परिजन के नाम पर किये गये सड़क जाम में कोचिंग के छात्र-छात्राओं को देख पुलिस ने स्थिति को भांप लिया और बड़े ही सक्रियता से मौके से छात्रों को भगाया. इस बाबत टाउन थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शेखपुरा शहर के बंगाली पर मुहल्ले में संचालित एक कोचिंग के ही सभी छात्र आये थे. इस बिंदु की गहनता से जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि सड़क जाम के दौरान कोचिंग के छात्र-छात्राओं का वहां होना कहीं ना कहीं कोचिंग संचालक की संलिप्तता को दर्शाता है. ऐसी स्थिति में उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. जांच के दौरान गड़बड़ी पाये जाने के बाद उन्हें बख्शा नहीं जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




