नालंदा: कतरीसराय में ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर ठगी करने वाले साइबर गिरोह का भंडाफोड़, 13 ATM कार्ड व 8 मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार; एक किशोर निरुद्ध
कतरीसराय में साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार आरोपित| Prabhat Khabar Network
नालंदा के कतरीसराय में ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में साइबर उपकरण बरामद किए हैं.
Nalanda News: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नालंदा जिले की कतरीसराय थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने ऑनलाइन लॉटरी और प्रलोभन देकर देशभर के लोगों को चूना लगाने वाले एक संगठित साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के गोवर्धन बिगहा गांव में छापेमारी कर दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) को निरुद्ध किया है.
आपके शहर में
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान
पुलिस की गिरफ्त में आए साइबर ठगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- शिवम कुमार (22 वर्ष): पिता रामेश्वर कुमार, मूल निवासी बांसगढ़ (थाना मरांची, पटना), वर्तमान पता गोवर्धन बिगहा, कतरीसराय.
- भोला कुमार (27 वर्ष): पिता महेश राम, निवासी गोवर्धन बिगहा, कतरीसराय (नालंदा).
13 एटीएम कार्ड, 8 मोबाइल, पासबुक और डोंगल बरामद
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि गोवर्धन बिगहा में कुछ युवक संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर विभिन्न राज्यों के लोगों से साइबर ठगी कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की गई, जहां से पुलिस ने भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए. 5 एंड्रॉइड स्मार्टफोन, 3 की-पैड मोबाइल फोन, 13 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, चेकबुक, डोंगल और ठगी में प्रयुक्त अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण.
लॉटरी और ईनाम का लालच देकर खाली करते थे बैंक खाते
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह भोले-भाले लोगों को ऑनलाइन लॉटरी, लकी ड्रॉ, ईनाम और आसान लोन का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था. इसके बाद प्रोसेसिंग फीस और टैक्स के नाम पर विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई माध्यमों से मोटी रकम ट्रांसफर करवा लेता था. पुलिस बरामद मोबाइल फोनों के कॉल रिकॉर्ड्स, व्हाट्सएप चैट और बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन की फॉरेंसिक व तकनीकी जांच कर अंतरराज्यीय नेटवर्क के लिंक तलाश रही है.
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
इस सफल ऑपरेशन में गिरियक अंचल के पुलिस निरीक्षक सुमंत कुमार, गिरियक थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक गुरुदेव खड़िया, सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार और मनीष कुमार सहित कतरीसराय थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान लॉटरी, ईनाम, पार्ट-टाइम जॉब या लोन के लुभावने ऑफर्स के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए