नालंदा डीएम की समीक्षा बैठक, पुलिस से समन्वय कर लंबित मामलों के समाधान पर जोर
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते डीएम उदिता सिंह व अन्य
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने अधिकारियों को लंबित सरकारी मामलों के त्वरित निष्पादन के सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जन शिकायतों, सेवा संकल्प अभियान, राजस्व, राशन कार्ड और अतिक्रमण जैसे विभिन्न विभागों के लंबित मामलों को समय पर निपटाया जाए. मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत योजना के शेष सात मामलों और पुलिस प्रशासन से संबंधित मामलों के समाधान पर विशेष जोर दिया गया.
Nalanda Review Meeting: जिलाधिकारी उदिता सिंह ने अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने की सख्त हिदायत दी है. उन्होंने कहा कि अधिकारी आवश्यक निर्णय लेकर मामलों को आगे बढ़ाएं और राज्य स्तरीय सहयोग पोर्टल समेत विभिन्न विभागों के लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें. सोमवार को न्यू एनआइसी भवन में आयोजित जिला प्रशासन की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जन शिकायत, सेवा संकल्प अभियान, राजस्व महाभियान, राशन कार्ड, विद्युत, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गयी.
सेवा संकल्प अभियान के लिए कर्मियों को प्रशिक्षित करने का निर्देश
बैठक में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और कैलेंडर की समीक्षा की गयी. डीएम ने प्रखंड व ब्लॉक स्तर पर कार्यरत कर्मियों में से दो-दो कर्मियों को दस्तावेजीकरण एवं संबंधित कार्यों के लिए प्रशिक्षित कराने का निर्देश दिया, ताकि अभियान के दौरान अभिलेखों का सही तरीके से संधारण हो सके.
मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत योजना के सात मामले लंबित
मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत योजना की समीक्षा में बताया गया कि लंबित मामलों की संख्या 13 से घटकर सात रह गयी है. डीएम ने शेष सभी मामलों का निष्पादन इसी सप्ताह सुनिश्चित करने को कहा.
वहीं सीएम डैशबोर्ड पर लंबित मामलों की समीक्षा में अधिकांश मामले पुलिस प्रशासन से संबंधित पाये गये. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित कर इन मामलों का शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया.
अतिक्रमण के 27 मामलों में मांगी स्पष्ट प्रगति
अतिक्रमण के 27 लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अगली बैठक तक स्पष्ट प्रगति सुनिश्चित करने को कहा. इसके साथ ही बल्क मिल्क वॉयलिंग एवं कूलिंग यूनिट के लिए चिह्नित भूमि का प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
नगरनौसा में डिग्री कॉलेज के लिए भूमि प्रस्ताव नहीं मिलने पर हिलसा एसडीओ से जानकारी ली गयी. एसडीओ ने बताया कि भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है और विभागीय दिशा-निर्देश के लिए पत्र भेजा गया है.

राशन कार्ड केवाईसी की प्रगति बढ़ाने का निर्देश
राशन कार्ड की केवाईसी की प्रगति 39 प्रतिशत से आगे बढ़ाने का निर्देश देते हुए डीएम ने कम प्रगति वाले क्षेत्रों की समीक्षा की. उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले अनुमंडलों की कार्यप्रणाली अन्य क्षेत्रों में अपनाने तथा जरूरत पड़ने पर घर-घर जाकर दस्तावेज जुटाने को कहा.
बिहारशरीफ में दो ऑपरेटरों के माध्यम से तेजी से हो रहे कार्य की तर्ज पर अन्य अनुमंडलों में भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया.
पीएम सूर्य घर योजना में कम कन्वर्जन रेट पर जतायी नाराजगी
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में कम कन्वर्जन रेट पर डीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने प्राप्त आवेदनों में कम-से-कम 50 प्रतिशत कन्वर्जन का लक्ष्य रखते हुए बिहारशरीफ ग्रामीण और राजगीर क्षेत्र में विशेष तेजी लाने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए