बिहार में खुलेगा NSD का नया कैंपस, सम्राट चौधरी ने PM मोदी का जताया आभार, किनको मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
Bihar NSD New Campus: बिहार के कलाकारों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है. केंद्र सरकार ने राज्य में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) का नया सेंटर खोलने की मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही बिहार में नई फिल्म सिटी बनाने और 54 फिल्मों की शूटिंग की परमिशन से युवाओं के लिए बड़े रास्ते खुलेंगे.
Bihar NSD New Campus: बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यानी NSD का नया कैंपस बनाने को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है. इस फैसले पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया है.
आपके शहर में
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा कि बिहार में NSD का कैंपस खुलना राज्य की कला और थिएटर के लिए काफी अहम कदम है. इससे बिहार की नाट्य परंपरा को देश के स्तर पर पहचान दिलाने के साथ कलाकारों के लिए नए मौके भी बनेंगे.
बिहार की मिट्टी से निकली हैं कई बड़ी हस्तियां
सम्राट चौधरी ने बिहार की कला और संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य की विरासत काफी समृद्ध रही है. बिहार की धरती ने कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी महान हस्तियों को दिया है.
उन्होंने कहा कि बिहार में लोक नाटक और प्रदर्शन कला की अपनी अलग पहचान रही है. यहां लंबे समय से चली आ रही इस परंपरा को NSD का नया कैंपस आगे बढ़ाने में मदद करेगा.
युवाओं को एक्टिंग और थिएटर की बेहतर ट्रेनिंग
NSD कैंपस शुरू होने के बाद बिहार के युवाओं को नाटक और थिएटर की प्रोफेशनल ट्रेनिंग के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी. यहां उन्हें नाटक की ट्रेनिंग के साथ स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और इससे जुड़े रिसर्च के लिए बेहतर संस्थागत सुविधा मिलने का रास्ता खुलेगा.
इससे उन युवाओं को खास फायदा हो सकता है जो एक्टिंग, थिएटर और स्टेज से जुड़े दूसरे क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहते हैं.
कुछ दिन पहले फिल्म सिटी का भी हुआ था ऐलान
NSD कैंपस की मंजूरी से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार में फिल्म सिटी बनाने की घोषणा भी कर चुके हैं. वह भोजपुरी बवाल कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले में पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भोजपुरी जगत से जुड़े कलाकारों से फिल्म सिटी के लिए सही जगह तलाशने में साथ देने की अपील की थी.
मुख्यमंत्री ने उस समय कहा था कि बिहार के बच्चों में अभिनेता बनने के साथ निर्देशक, लेखक, संगीतकार और फिल्म निर्माण के दूसरे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रतिभा मौजूद है.
फिल्म बनाने वालों को हरसंभव मदद का भरोसा
सम्राट चौधरी ने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का बिहार में स्वागत है. उन्होंने यह भी भरोसा दिया था कि फिल्म बनाने वाले कलाकारों और निर्माताओं को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी.
सरकार की ओर से बिहार में करीब 54 फिल्मों की शूटिंग की अनुमति भी दी जा चुकी है. इससे राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की कोशिश का अंदाजा लगाया जा सकता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सुनील शेट्टी भी बिहार में फिल्म बनाने की बात कह चुके हैं
मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि वह जल्द ही बिहार में फिल्म निर्माण करेंगे.
इस तरह बिहार में एक तरफ NSD का नया कैंपस आने की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ फिल्म सिटी बनाने की योजना पर भी सरकार आगे बढ़ रही है. इससे राज्य के कलाकारों और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों के लिए आने वाले समय में नए अवसर बन सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: बिहार को मिलेगा 44 किमी का शानदार फोरलेन, 1655 करोड़ से बदलेगी इन जिलों की तस्वीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए