बिहार में शुरू होगी हेली-एयर टूरिज्म सेवा, बोधगया को मिलेगी 165 करोड़ की सौगात

बिहार में पर्यटन स्थलों की हेलीकॉप्टर से कर सकेंगे सैर
Bihar Heli Tourism: बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार कई नई योजनाएं शुरू करने जा रही है. हेली टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा की शुरुआत होगी. बोधगया में 165.44 करोड़ रुपये के बौद्ध ध्यान केंद्र की नींव रखी जाएगी. साथ ही कई पर्यटन परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा.
Bihar Heli Tourism: बिहार सरकार सोमवार को पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करने जा रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग की नई योजना मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 को हरी झंडी दिखाएंगे.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री बोधगया में बनने वाले 165.44 करोड़ रुपये के बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केंद्र का शिलान्यास करेंगे और राज्य के अलग-अलग जिलों के पर्यटन स्थलों से जुड़ी कई नई योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे.
पहले चरण में वाल्मीकिनगर, कैमूर और राजगीर शामिल
इस नई हवाई सेवा का मकसद पर्यटकों को बिहार के मशहूर धार्मिक, सांस्कृतिक और सुंदर प्राकृतिक स्थलों तक बहुत ही कम समय में सुरक्षित और आसानी से पहुंचाना है.
पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले फेज में पश्चिम चंपारण का वाल्मीकिनगर, कैमूर का प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी मंदिर और नालंदा का ऐतिहासिक राजगीर शामिल किया गया है.
इस योजना से राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और बिहार को देश के बड़े हेली-टूरिज्म मैप पर जगह मिलेगी.
शनिवार और रविवार को चलेंगी उड़ानें
इस योजना के तहत हर शनिवार और रविवार को पटना से वाल्मीकिनगर, राजगीर और कैमूर के लिए खास हेलीकॉप्टर और सरकारी विमानों की सेवा शुरू की जाएगी. जो लोग सिर्फ पटना शहर को आसमान से देखना चाहते हैं, उनके लिए हेलीकॉप्टर जॉय राइड की सुविधा भी दी जाएगी.
सरकार ने आम जनता की जेब को ध्यान में रखते हुए इन सभी रूटों का किराया काफी कम रखा है. इन उड़ानों के लिए टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन वेबसाइट पोर्टल के जरिए आसानी से की जा सकेगी.
एडवेंचर पार्क के लिए चेक और होम स्टे चलाने वालों को मिलेगा सर्टिफिकेट
इस बड़े कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बिहार पर्यटन नीति के तहत मुजफ्फरपुर की तूफानी एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड को एम्यूजमेंट पार्क बनाने के लिए 1.37 करोड़ रुपये की पहली किश्त का चेक सौंपेंगे. इसके साथ ही, बिहार की होम स्टे पॉलिसी को बढ़ावा देने के लिए वाल्मीकिनगर के संतोष कुमार, बोधगया की उषा सिंह और बराबर के पुरुषोत्तम प्रकाश को आधिकारिक सर्टिफिकेट दिया जाएगा.
बोधगया में बनेगा 165.44 करोड़ का वर्ल्ड क्लास मेडिटेशन सेंटर
मुख्यमंत्री गया जिले के बोधगया में 165.44 करोड़ रुपये की भारी लागत से बनने वाले 'बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केंद्र' की नींव रखेंगे. इस सेंटर के बन जाने के बाद देश-विदेश और दुनिया के कोने-कोने से आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं और आम पर्यटकों को विश्वस्तरीय मेडिटेशन और आध्यात्मिक शांति का बेहतरीन अनुभव मिलेगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
28.50 करोड़ की कई पुरानी परियोजनाएं पूरी
हवाई सेवा के अलावा, करीब 28.50 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी कई विकास योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा. इसमें मनेर शरीफ का सुंदर गेट, पटना के दीघा घाट पर पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं, गया का संडेश्वर नाथ शिव मंदिर, गांधी मैदान पार्क का नया रूप, वैष्णो मंदिर का भव्य प्रवेश द्वार और रोशनी, ब्रह्मेश्वर स्थान के दूसरे फेज का काम, भोजपुर का बेलाउर सूर्य मंदिर, वैशाली का नानक साहब लालगंज और शिवहर के देवकुली धाम में तालाब का सौंदर्यीकरण और नई दुकानों का निर्माण शामिल है. इन सभी कामों से बिहार में पर्यटकों की संख्या काफी तेजी से बढ़ेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 से 15 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, इन इलाकों में ज्यादा दिखेगा असर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










