बिहार का कलंक: घर चलाने सब्जी बेचने जा रही थी विधवा मां, बेटे ने पैसे के लिए चाकू से गोदकर मार डाला
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 12 Sep 2022 12:35 PM
Bihar News: सीतामढ़ी में एक नशेड़ी बेटे ने अपनी मां की हत्या चाकू से गोदकर कर दी. पैसे का डिमांड पूरा नहीं करने पर बेटे ने मां को ही मार डाला. पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है.
Bihar Crime News: बिहार के सीतामढ़ी में एक कलयुगी औलाद ने खुद को कलंक साबित किया और जिस मां ने उसे इस दुनिया में लाया, उसे ही चंद रुपयों की खातिर इस दुनिया से दूर कर दिया. रोजाना की तरह वो मां रविवार को भी अपने घर को चलाने के लिए सब्जी बेचने निकली थी. लेकिन उसे जरा भी अंदाज नहीं था कि जिस औलाद को पेट में उसने अपने लहू से सींचकर सुरक्षित रखा और पीड़ा सहकर इस दुनिया में लेकर आई, वहीं औलाद आज उस पेट में चाकूओं से गोद देगा और मां की जिंदगी ही छीन लेगा.
सीतामढ़ी के मेहसौल ओपी क्षेत्र के राजोपट्टी मोहल्ले में एक ऐसी घटना रविवार को घटी कि इसकी निंदा केवल उस मोहल्ले में ही नहीं बल्कि हर जगह हो रही है. एक नशेड़ी पुत्र ने अपनी मां की हत्या चाकू से गोदकर कर दी. अपनी मां से उसने 20 हजार रुपये की डिमांड की थी. और जब उसकी मां उस डिमांड को पूरा करने में समर्थ नहीं हुई तो कुपुत्र ने चाकू से गोदकर उसकी जिंदगी ही ले ली.
मृतका की पहचान वार्ड नंबर 28 निवासी सिपाही साह की 46 वर्षीय पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मृतका मीना देवी सब्जी बेचती थी. एसडीपीओ ने बताया कि रविवार को भी वो अन्य दिन की तरह ही सब्जी बेचने निकली थी. अचानक सामने से आकर उसके बेटे ने पेट में चाकू से वार कर दिया. घटना को अंजाम देकर महिला का बेटा आरोपित चुनचुन साह फरार हो गया.
Also Read: बिहार में अवैध तरीके से दौड़ते बेलगाम ट्रक- हाइवा, 4 जिलों में 8 लोगों को रौंदकर मारा, दर्जनों जख्मी
पुलिस ने खैरवा पेट्रोल पंप के पास से भाग रहे आरोपित बेटे को दबोच लिया. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल किये. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. बताया जा रहा है कि बेटा कुछ दिनों से अपनी मां से मोटी राशि की मांग पर अड़ा था. मीना देवी के पति की मृत्यु हो चुकी है. वो अपने परिवार चलाने के लिए सब्जी बेचकर पैसे जुटाती थी.
Posted By: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










