बिहार से दिल्ली-पंजाब समेत अन्य राज्यों के लिए चलेंगी 149 एसी बसें, लोगों को मिलेगी राहत
एसी बस (सांकेतिक तस्वीर)
Bihar Bus Service: बिहार और दूसरे राज्यों के बीच बस सेवा का विस्तार किया जा रहा है. दिल्ली, पंजाब समेत अन्य राज्यों के लिए 149 एसी बसें चलाई जायेंगी. जबकि राज्य के 6 जिलों में 200 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन किया जाएगा. साथ ही बड़े पैमाने पर ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन भी खोले जायेंगे.
Bihar Bus Service: बिहार में लोगों के लिए बस सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. ऐसे में राज्य के पटना, मुजफ्फरपुर, गयाजी, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया में इसी महीने इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होगा. इनमें पटना में 150 तथा 50 बसों का परिचालन मुजफ्फरपुर, गयाजी, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया में होगा.
जल्द खरीदी जायेंगी 149 बसें
जानकारी के मुताबिक, परिवहन विभाग दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में बिहार के विभिन्न शहरों से परिचालन के लिए 149 एसी बसों की जल्द ही खरीद करेगा, ताकि अंतरराज्यीय बस सेवा का विस्तार हो सके. परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत और सचिव राजकुमार ने यह जानकारी दी.
सचिव ने कहा कि राज्यभर में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का उपयोग बढ़ाने के लिए नई नीति लागू कर दी गई है. इसमें इलेक्ट्रिक दो पहिया गाड़ी की खरीद पर 10 हजार का अनुदान दिया जाएगा. एससी-एसटी वर्ग को 12 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा. इसी तरह इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर महिलाओं को एक लाख तक का अनुदान दिया जाएगा. इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर मोटर वाहन कर में 50 प्रतिशत तक की छूट का भी प्रावधान किया गया है.
गाड़ी मालिक के लिए नई सुविधा
ई-चालान भुगतान के लिए भारत बिल पेमेंट सिस्टम सेवा प्रारंभ की जा रही है. इसके माध्यम से ऑनलाइन ई-चालान जमा हो जायेगा. ऑनलाइन व्यवस्था में मोबाइल बैंकिंग, क्यूआर कोड, डेविट कार्ड, क्रडिट कार्ड सहित अन्य सुविधाएं दी जायेंगी.
खुलेंगे ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन
साल 2030 तक राज्य में नई गाड़ियों में 30 प्रतिशत इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए राज्यभर में बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जायेंगे. इसके लिए भी अलग-अलग अनुदान का प्रावधान किया गया है. सचिव ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य तरह की सभी सेवाओं के लिए आवेदन अब कॉमन सर्विस सेंटर से भी किया जा सकेगा. इसके लिए जल्द ही नई व्यवस्था विभाग शुरू करने जा रहा है.
NH और SH पर भी कटेगा चालान
शहरों से राष्ट्रीय और राज्यमार्ग पर भी यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब चालान कटेगा. इसकी व्यवस्था की जा रही है. इससे यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लग सकेगा. सचिव ने कहा कि ट्रेनों की तर्ज पर लोगों को यह भी जानकारी हो सकेगी, उनकी बस अभी कहां पर है और कितनी देर में कहां तक पहुंचेगी. इसको लेकर सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है, जो अंतिम फेज में है. सचिव ने कहा पीपीपी मोड में बस स्टैंड का निर्माण होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए