Bihar Breaking News Live: लालू-राबड़ी परिवार पर गाना गा कर वायरल हुई भोजपुरी सिंगर पर केस दर्ज
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
प्रेम प्रसंग में युवक की गोली मारकर हत्या, युवती को लेकर फरार हुए अपराधी
बांका सदर थाना क्षेत्र के कटोरिया रोड़ के भसौना बांध के समीप मंगलवार की शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है. घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है. जानकारी के अनुसार, शहर के जगतपुर निवासी प्रभाकर चौधरी का 24 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार चौधरी अपने स्कूटी से शहर की कोई एक युवती को लेकर घूमने गया था. इस बात की जानकारी हत्यारे को मिलने पर दोनों को खोजने कटोरिया रोड़ की ओर निकला. इसी दौरान लौटने के क्रम में भसौना बांध के समीप स्कूटी पर सवार सुमन चौधरी व युवती अपराधियों को रास्ते में ही मिल गये. इसके बाद दोनों अपराधियों ने उसे रोककर पहले कुछ बातचीत की. फिर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या कर देने के बाद दोनों अपराधियों ने युवती को अपने बाइक पर बैठा कर घटनास्थल से फरार हो गये.
लालू-राबड़ी परिवार पर गाना गा कर वायरल हुई भोजपुरी सिंगर पर केस दर्ज
बिहार में लालू-राबड़ी परिवार को विवाह समारोह में गाली (पारंपरिक गाना) सुनाकर वायरल हुईं भोजपुरी गायिका बहनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. इन लोगों के खिलाफ पुलिस से झड़प और मारपीट के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है. लोकगीत गायिका बहनें हेमा पांडे, करीना पांडे और सविता पांडे पर भोजपुर जिले के धोबहां ओपी क्षेत्र के अगरसंडा गांव में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने और विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर अचानक हमला करने का आरोप है. महिला इंस्पेक्टर पूजा कुमारी ने इस मामले में संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज करायी है.
राजद विधायक के खिलाफ केस दर्ज
राजद विधायक फतेहबहादुर सिंह द्वारा देवी-देवताओं पर की गयी टिप्पणी के मामले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला मंत्री पंकज कुमार उर्फ गोपी ने न्यायालय की शरण ली है. उन्होंने इस संबंध में अपने अधिवक्ता ओमप्रकाश सिन्हा उर्फ कमल सिन्हा के जरिये अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में विधायक फतेह बहादुर के विरुद्ध परिवाद दाखिल कराया है. सात पन्नों में विधायक के विरुद्ध धारा 153ए, 153बी, 295ए, 505 आइपीसी धारा के तहत परिवारवाद दाखिल कराया गया. परिवादी ने कहा कि थाने में आवेदन दिया गया था. बहुत परेशान किया, दौड़ाया गया. इसके बाद पुलिस पदाधिकारियों से मुलाकात की, पर इंसाफ नहीं मिला. उन्होंने कहा कि अपने धर्म व आस्था के खिलाफ जो भी षड्यंत्र रचा जा रहा है, उसके खिलाफ मरते दम तक लड़ाई लड़ते रहेंगे. अधिवक्ता के मुताबिक, न्यायालय से आग्रह किया गया है कि जिस तरह से विधायक के पद पर रहते हुए हिंदू धर्म की आस्था पर चोट पहुंचायी गयी है, वह असहनीय है. एक दिन नहीं, बल्कि लगतार मां दुर्गा पर गलत टिप्पणी की जा रही है. इससे हिंदू धर्म व हिंदू धर्म के मानने वाले लोग आहत हैं और उनकी भावना को चोट पहुंच रही है.
बिहार के पूर्व विधायक राजू सिंह की बढ़ी परेशानी
बिहार के पूर्व विधायक राजू सिंह और उनकी पत्नी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनके खिलाफ 2019 में हुए हर्ष फायरिंग के मामले में आरोप तय करने का निर्देश दिया है. मामले में छह नवंबर को होगी अगली सुनवाई.
शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, नकदी समेत लाखों के सामान नष्ट
भोजपुर जिला के बिहिया नगर के वार्ड नंबर 12 स्थित एक घर में मंगलवार को अचानक आग लग जाने से नकदी समेत लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी. आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है. घटना को लेकर पीड़ित अशोक साह ने बिहिया थाना में एक आवेदन दिया है. जानकारी के अनुसार अशोक साह वार्ड नंबर 12 में किराये के मकान में वर्षों से रह रहा है. बिहिया बाजार में वह ठेला पर चुड़ी बेचने का काम करता है. मंगलवार को अचानक आग लगने की घटना में घर में रखा लगभग 60 हजार रुपये नकद, गहने, टीवी और कपड़ा समेत सब कुछ जलकर नष्ट हो गया. आग लगने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिसको लेकर देर तक अफरा-तफरी मची रही. वहीं, घटना के बाद नप उपाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, राजद नेता मदन यादव, पूर्व पार्षद कमख्या प्रसाद ने क्षति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया.
फाइनेंस कर्मी को चाकू मारकर 70 हजार रुपये व बाइक की लूट
सिवान के दरौंदा थाना क्षेत्र के चिंतामनपुर रेलवे फाटक 76 के समीप मंगलवार को बाइक पर सवार चार की संख्या में आये अपराधियों ने उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक के कर्मी को चाकू मारकर बाइक, 70 हजार रुपये, टैब, मोबाइल आदि लूट लिये. इस संबंध में बताया जा रहा है कि सुबह में उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक के कर्मी अभिनंदन कुमार चौधरी केटी भरौली गांव से समूह के महिलाओं से पैसा लेकर चिंतामनपुर पहुंचा था. उसके बाद चिंतामनपुर में महिलाओं से पैसा वसूल कर ऑफिस जा रहा था. इस बीच पीछा करते हुए रेलवे फाटक के समीप आगे से अपराधियों ने बाइक को घेर लिया. उसके बाद एक अपराधी ने हाथ में लिए पिस्टल कनपटी पर तान दिया. जब पैसे भरा बैग देने में आनाकानी की तब तक दूसरा अपराधी चाकू से हाथ पर वार कर दिया. पैसे भरा बैग, मोबाइल, टैब, बायोमीटरिक मशीन व बाइक छीन कर दोनों बाइक पर दो-दो अपराधी बैठकर डुमरी के तरफ भाग निकले.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए