bhagalpur news. तिलकामांझी चौक का बदलेगा नजारा, चार दिनों में पूरा होगा सौंदर्यीकरण कार्य
शहर के प्रमुख तिलकामांझी चौक का स्वरूप जल्द ही बदला हुआ नजर आयेगा. नगर निगम की ओर से यहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
शहर के प्रमुख तिलकामांझी चौक का स्वरूप जल्द ही बदला हुआ नजर आयेगा. नगर निगम की ओर से यहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है. अगले तीन से चार दिनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. मंगलवार को उप नगर आयुक्त आमिर सोहेल ने स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. नगर निगम के कार्यालय अधीक्षक मो रेहान ने बताया कि चौक स्थित स्मारक स्थल का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. इसके तहत ऐतिहासिक जानकारी को प्रदर्शित करने के लिए शिलापट्ट लगाया जायेगा, जिससे लोगों को तिलकामांझी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकेंगी. परियोजना का उद्देश्य चौक को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देना है.
सड़क चौड़ीकरण से बढ़ेगी सुविधासौंदर्यीकरण योजना के तहत चौक के आसपास सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी किया जा रहा है. सड़क की चौड़ाई बढ़ने से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और चौराहे की खूबसूरती भी निखरकर सामने आयेगी. निगम का मानना है कि इस बदलाव से आम लोगों को आवागमन में भी सुविधा होगी.
तिलकामांझी समेत तीन स्थानों पर बन रहे वर्टिकल गार्डनचौक की सुंदरता बढ़ाने के लिए वर्टिकल गार्डन तैयार किया जा रहा है. इसी तरह मनाली चौक और डीएम गेट के सामने भी वर्टिकल गार्डन विकसित किये जा रहे हैं. तीनों स्थानों पर यह कार्य लगभग एक साथ पूरा किये जाने की योजना है, जिससे शहर के प्रमुख चौराहों का स्वरूप और अधिक आकर्षक दिखायी देगा.
ट्रांसफॉर्मर बनी बड़ी बाधा, बिजली विभाग को लिखा पत्रकार्यालय अधीक्षक ने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य में सबसे बड़ी चुनौती सिग्नल के पास स्थित ट्रांसफॉर्मर है. इसके स्थानांतरण के लिए बिजली विभाग को पत्र भेजा गया है. उम्मीद जतायी गयी है कि विभाग जल्द ही ट्रांसफॉर्मर शिफ्ट करने की प्रक्रिया पूरी करेगा, जिसके बाद शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा.
सैंडिस परिसर का स्टेशन क्लब नये स्वरूप में तैयार
सैंडिस कंपाउंड स्थित स्टेशन क्लब को नये रूप में विकसित किया गया है. जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्लब परिसर में कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गयी हैं. क्लब के सदस्यों को अब मनोरंजन, बैठक और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा. नये स्वरूप में तैयार क्लब का उद्घाटन नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने किया. कार्यक्रम में रोहित पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, बंटी यादव और विश्वजीत सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे.
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ क्लब परिसरनवीनीकरण के तहत क्लब में होटल जैसी सुविधाओं वाले कमरे तैयार किये गये हैं. इसके साथ ही रेस्टोरेंट, मिनी थिएटर और बैठक के लिए आधुनिक हॉल भी विकसित किया गया है. क्लब प्रबंधन का उद्देश्य सदस्यों को एक ही परिसर में विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
मनोरंजन के लिए इंडोर गेम्स की व्यवस्थाक्लब परिसर में मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कई इंडोर खेलों की व्यवस्था भी की गयी है. यहां बिलियर्ड्स, कैरम, शतरंज, लूडो और टेबल टेनिस जैसी गतिविधियों का आनंद लिया जा सकेगा. ये सुविधाएं विशेष रूप से स्टेशन क्लब के सदस्यों के उपयोग के लिए उपलब्ध करायी गयी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










