सुलतानगंज के आसमान में दिखा भोलेनाथ का दिव्य रूप, ड्रोन शो ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध
श्रावणी मेला
सुलतानगंज श्रावणी मेले में इस बार का नजारा खास था. पहली बार आयोजित ड्रोन शो में आसमान पर भगवान शिव, डमरू और कांवर की आकृतियां उकेरी गईं, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर क्षेत्र के विकास कार्यों की भी जानकारी दी.
Sultanganj Shravani Mela: सुलतानगंज. धांधी-बेलारी में रविवार की शाम श्रावणी मेला का नजारा उस वक्त पूरी तरह बदल गया, जब आसमान रोशनी से जगमगा उठा. पहली बार आयोजित ड्रोन शो में आसमान पर भगवान शिव, डमरू और कांवर की आकृतियां उभरीं, तो नीचे मौजूद श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठे. ड्रोन से बनी इन आकृतियों ने श्रावणी मेला की भव्यता में एक नया रंग जोड़ दिया.
आपके शहर में
आसमान में शिव, डमरू और कांवर की आकृतियों ने मोहा मन
धांधी-बेलारी में पहली बार आयोजित ड्रोन शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. जैसे ही आसमान में रोशनी से अलग-अलग आकृतियां बननी शुरू हुईं, लोगों की नजरें वहीं टिक गयीं. भगवान शिव की आकृति के साथ डमरू और कांवर की छवियों ने धार्मिक माहौल को और खास बना दिया.
‘बोल बम’ के जयघोष और रोशनी से सजे आसमान के बीच श्रावणी मेला का यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया.
वर्चुअल जुड़े मुख्यमंत्री, बोले- मेला के साथ क्षेत्र का विकास भी जरूरी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल माध्यम से जुड़े. उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं के साथ क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल फोरलेन निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ेगा. क्षेत्र के समीप एयरपोर्ट शुरू होने की दिशा में भी काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि सुलतानगंज गंगा ब्रिज को अगले वर्ष नवंबर तक चालू करने की दिशा में काम किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा. इसके साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
‘एक बोली, एक कपड़ा और एक मकसद’, कांवर यात्रा को बताया सामाजिक एकता का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कांवर यात्रा को सामाजिक एकता का अनूठा उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि एक बोली, एक कपड़ा और एक मकसद के साथ करोड़ों लोगों का चलना दुनिया में कहीं देखने को नहीं मिलता.
उन्होंने कांवर यात्रा को सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बताते हुए कहा कि सुलतानगंज से देवघर तक कांवरियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
उन्होंने यह भी कहा कि श्रावणी मेला का फायदा सिर्फ कांवरियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए. आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों को भी इससे आर्थिक लाभ मिले, ताकि मेला स्थानीय समृद्धि का माध्यम बन सके.
कांवरिया पथ की बालू की गुणवत्ता की सीएम ने की तारीफ
मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेला में कांवरियों के लिए की गयी व्यवस्थाओं की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि कच्चे कांवरिया पथ पर अच्छी गुणवत्ता की बालू बिछायी गयी है, जिससे श्रद्धालुओं को पैदल चलने में परेशानी नहीं हुई.
हालांकि, उन्होंने मेला क्षेत्र में बिजली को लेकर मिली छिटपुट शिकायतों का भी जिक्र किया. अधिकारियों को पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर कहीं भी परेशानी नहीं होनी चाहिए. समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाना चाहिए.
‘आज मुझे यहां आना था, लेकिन नहीं आ सका’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका धांधी-बेलारी आने का कार्यक्रम था, लेकिन वह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके. उन्होंने इसके लिए लोगों से क्षमा मांगी.
उन्होंने कहा कि सरकार ने यह आयोजन श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए किया है. जीविका दीदियों की ओर से कांवरियों के लिए भोजन उपलब्ध कराने की पहल की भी उन्होंने सराहना की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर भी है.
Sultanganj Shravani Mela: विक्रमशिला सेतु के स्टील ब्रिज पर भी बड़ा अपडेट
धांधी-बेलारी के कार्यक्रम से मुख्यमंत्री ने भागलपुर के लिए महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया.
उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर प्रस्तावित स्टील ब्रिज का काम 29 अगस्त से शुरू होना था, लेकिन बाढ़ की स्थिति को देखते हुए इसमें करीब 15 दिनों का बदलाव किया गया है. इसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान लोगों के आवागमन में कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा. सरकार की प्राथमिकता विकास कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के साथ आम लोगों की सुविधा बनाए रखना है.
Sultanganj Shravani Mela: कांवरियों की सुरक्षा पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी चिंता कांवरियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा है. कांवरिया पथ पर बालू की व्यवस्था, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है.
श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु सुलतानगंज से गंगाजल लेकर देवघर की ओर रवाना होते हैं. ऐसे में रास्ते में बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है.
धांधी-बेलारी का ड्रोन शो इस बार के श्रावणी मेला में आकर्षण का नया केंद्र बन गया. आसमान में शिव की आकृति और नीचे ‘बोल बम’ के जयघोष ने धार्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक का ऐसा संगम बनाया, जिसने श्रद्धालुओं को लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव दिया.
Also Read: बाढ़ के खतरे को लेकर पटना से भागलपुर तक प्रशासन हाई अलर्ट, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई टेंशन
Also Read: बिहार में देर रात 23 IAS अफसरों का तबादला, इन जिलों के DDC, SDO और नगर आयुक्त बदले गए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए