बाढ़ के खतरे को लेकर पटना से भागलपुर तक प्रशासन हाई अलर्ट, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई टेंशन

Updated:
विज्ञापन

बाढ़ की सांकेतिक तस्वीर

Bihar Flood Alert: बिहार में गंगा नदी रौद्र रूप में है. नदी के बढ़ते जलस्तर की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है. इस वजह से पटना से भागलपुर तक प्रशासन हाई अलर्ट मोड में है. कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. ऐसे में एसडीआरएफ की टीम को कई इलाकों में तैनात कर दिया गया है.

विज्ञापन

Bihar Flood Alert: गंगा का पानी इस वक्त बिहार के कई इलाकों में लोगों की टेंशन बढ़ा रहा है. नदी का जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है और इसके साथ ही दियारा से लेकर शहरों के निचले इलाकों तक बाढ़ का खतरा गहराने लगा है. कहीं सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है, कहीं घाट पानी में समा गए हैं तो कहीं कटाव की जद में खेत और घर आ गए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

निचले इलाकों में रह रहे लोग परेशान

सबसे ज्यादा चिंता पटना से भागलपुर तक गंगा किनारे बसे निचले इलाकों को लेकर है. प्रशासन जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है और राहत-बचाव टीमों को पटना से भागलपुर तक अलर्ट मोड पर रखा गया है. जानकारी के मुताबिक, पटना जिले में करजान-ताजपुर सेतु का अस्थायी पुल गंगा के बढ़ते पानी में डूब गया. इसकी वजह से आसपास के ग्रामीण इलाकों में पानी का दबाव बढ़ने लगा है. पटना के दियारा क्षेत्रों में भी गंगा का पानी फैल रहा है.

पटना के कई घाटों पर चढ़ा पानी

पटना में गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर घाटों पर साफ दिखाई दे रहा है. गांधी घाट पर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. आसपास के निचले इलाकों में पानी फैलने के बाद प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों पर नजर बढ़ा दी है, जबकि NDRF की टीमें राहत और बचाव के लिए तैयार हैं.

बड़हिया में घाट पर बढ़ रहा गंगा का पानी

दूसरी तरफ, लखीसराय जिले की बात करें तो, बड़हिया में भी गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है. आगामी सोमवारी को घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दीं हैं. डीएम शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बीएनएम कॉलेज गंगा घाट समेत अलग-अलग घाटों का निरीक्षण किया. टूटे सीढ़ी घाट पर जाली लगाने, पर्याप्त रोशनी, पार्किंग, माइकिंग, आपदा मित्रों और पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए.

मुंगेर में भी भयावह स्थिति

इसके अलावा मुंगेर जिले में भी गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है. यहां ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ा खतरा सिर्फ बढ़ता पानी नहीं, बल्कि गंगा का कटाव है. ग्रामीणों को डर है कि कटाव की रफ्तार नहीं थमी तो खेतों के बाद उनके घर भी नदी की चपेट में आ सकते हैं. इसके साथ ही भागलपुर जिले में भी खतरा बढ़ता जा रहा है.

पटना से भागलपुर तक अलर्ट

इस तरह से पटना से भागलपुर जिले तक हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. निचले इलाकों में SDRF और NDRF को तैनात कर दिया गया है. कई घाट पानी से लबालब हो चुके हैं और नदी का पानी शहर से सटे निचले इलाकों की ओर बढ़ रहा है. अगर बारिश और गंगा का बढ़ता जलस्तर साथ-साथ जारी रहा, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

Also Read: औरंगाबाद-बिहटा रेल लाइन प्रोजेक्ट को लेकर अपडेट, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू, यहां बनेगा नया टर्मिनल


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन