कालीन भैया की अगली पसंद ‘क्रिमिनल जस्टिस’, पंकज त्रिपाठी ने बताया- ‘मिर्जापुर’ के बाद किस सीरीज पर बनाना चाहेंगे फिल्म
मिर्जापुर: द मूवी के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे पंकज त्रिपाठी
Pankaj Tripathi: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे पंकज त्रिपाठी ने अपनी अगली पसंद का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि ‘मिर्जापुर’ के बाद वह क्रिमिनल जस्टिस’ पर फिल्म बनाना चाहेंगे. साथ ही उन्होंने फिल्म, रवि किशन और बिहार में शूटिंग को लेकर भी बात की.
Mirzapur The Movie: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए शनिवार को फिल्म की स्टारकास्ट पटना पहुंची. पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), अली फजल (गुड्डू पंडित) दिव्येंदु शर्मा (मुन्ना त्रिपाठी) ने प्रभात खबर से विशेष बातचीत की. इस दौरान फिल्म, किरदारों और बिहार से जुड़ी कई बातें साझा कीं.
आपके शहर में
‘क्रिमिनल जस्टिस’ पर बननी चाहिए फिल्म
पंकज त्रिपाठी से जब पूछा गया कि ‘मिर्जापुर’ जैसी और कौन-सी दमदार वेबसीरीज है, जिस पर फिल्म बनाना चाहेंगे, तो उन्होंने ‘क्रिमिनल जस्टिस’ का नाम लिया. उन्होंने कहा कि क्रिमिनल जस्टिस पर मूवी बनाना चाहेंगे.
फिल्म और सीरीज का फॉर्मेट अलग
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में सीरीज से क्या अलग देखने को मिलेगा? इस पर पंकज त्रिपाठी ने कहा कि फिल्म और सीरीज का फॉर्मेट अलग होता है. फिल्म के फॉर्मेट में भी ‘मिर्जापुर’ की पूरी कहानी दिखाई गई है. अंतर सिर्फ ड्यूरेशन का है. उन्होंने कहा कि वेबसीरीज में ज्यादा समय मिलता है. फिल्म में समय कम होता है. ऐसे में कम समय में ही कहानी को शानदार तरीके से सजाया और प्ले किया गया है.
बॉक्स ऑफिस को लेकर नहीं है डर- पंकज त्रिपाठी
क्या सफल सीरीज के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस के नंबर गेम में पीछे रही, तो ब्रांडिंग पर असर पड़ सकता है? इस पर पंकज त्रिपाठी ने कहा, “नहीं, ऐसा नहीं है.”
उन्होंने कहा कि अच्छी फिल्मों को दर्शकों ने काफी सराहा है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी अच्छी है. इसे भी लोग खूब सराहेंगे. जिस तरह वेबसीरीज को दर्शकों का प्यार मिला, फिल्म को भी मिलेगा. उन्होंने कहा, “फिल्म देखिए, मजा आएगा.”
रवि किशन को बताया ‘महादेव’
रवि किशन को लेकर पंकज त्रिपाठी ने कहा, “रवि किशन महादेव हैं. शानदार व्यक्ति हैं. बड़े भाई हैं.” उन्होंने ‘मिर्जापुर’ में रवि किशन की एंट्री को भी अच्छा बताया.
'भोजपुरी इंडस्ट्री की अवस्था अभी अच्छी नहीं'
बिहार में शूटिंग को लेकर पंकज त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने यहां फिल्म शूट की है. हाल-फिलहाल में ‘ओह माय डॉग’ की शूटिंग पटना और छपरा जैसी जगहों पर की है. आगे भी बिहार में शूटिंग करना चाहेंगे. भोजपुरी फिल्मों को लेकर उन्होंने कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री की अवस्था अभी सही नहीं है. हालांकि, आगे वह भोजपुरी में अच्छी फिल्म बनाना चाहेंगे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुन्ना भैया बनकर लौटने में था डर
दिव्येंदु शर्मा ने बताया कि सीजन-2 के बाद लंबे अंतराल के चलते मुन्ना भैया के किरदार में दोबारा लौटने को लेकर उनके मन में डर था. उन्हें चिंता थी कि क्या वह फिर उसी अंदाज में मुन्ना को निभा पाएंगे, जिसे दर्शकों ने पसंद किया था.
उन्होंने किरदार को दोबारा समझने के लिए उसके पुराने बेसिक्स पर काम किया. मेकअप और कॉस्ट्यूम में खुद को आईने में देखने के बाद उन्हें लगा कि वही मुन्ना वापस आ गया है. सेट पर पुराने कलाकारों और उसी माहौल ने भी उनकी काफी मदद की.
दिव्येंदु ने कहा कि एक अभिनेता को पानी की तरह होना चाहिए. जिस किरदार में उसे रखा जाए, वह उसी रूप में ढल जाए. उन्होंने थिएटर को अपनी अभिनय यात्रा की बुनियाद बताया.
बिहार एक कम्प्लीट स्टेट है- दिव्येंदु शर्मा
दिव्येंदु शर्मा ने बिहार के लोगों की समझ, मेहनत और ह्यूमर की तारीफ की. उन्होंने कहा कि बिहार ऐसी जगह है, जहां के लोगों के पास बहुत दिमाग है. यह आध्यात्मिक रूप से भी महत्वपूर्ण जगह है.
उन्होंने कहा कि राजनीति और दूसरी चीजों को लेकर यहां के लोग काफी जानकार हैं. बिहार के लोगों का ह्यूमर भी मजबूत है. मेहनत के मामले में भी उनकी अलग पहचान है.
दिव्येंदु ने कहा कि आईएएस लॉबी से लेकर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों तक बिहार के लोगों की मौजूदगी दिखती है. उन्होंने बिहार को ‘कम्प्लीट स्टेट’ बताया. उनके मुताबिक यहां फिजिकल और मेंटल, दोनों स्तर पर संतुलन नजर आता है. मौका मिलने पर बिहार में शूटिंग करने और बिहारी किरदार निभाने की इच्छा भी उन्होंने जतायी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए