‘मिर्जापुर: द मूवी’ से पहले मुन्ना भैया ने खोला राज, कालीन भैया बोले- ‘30 साल बाद लौटा हूं’; दानापुर स्टेशन पर दिखा स्टार्स का जलवा
पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा और अली फजल की तस्वीर
मिर्जापुर सीज़न 2 के बाद मुन्ना भैया के किरदार में लौटने को लेकर दिव्येंदु शर्मा ने अपनी चिंताएं साझा कीं. उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने पुराने बेसिक्स पर काम करके इस चुनौती का सामना किया.
Mirzapur Web Series: मिर्जापुर सीजन-2 के बाद लंबे अंतराल के कारण मुन्ना भैया के किरदार में दोबारा लौटने को लेकर मन में डर था. चिंता थी कि क्या वह फिर उसी अंदाज में मुन्ना को निभा पाएंगे, जिसे दर्शकों ने पसंद किया था. यह बातें मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए फिल्म के प्रमोशन में पहुंचे मुन्ना त्रिपाठी उर्फ दिव्येंदु शर्मा ने प्रभात खबर से विशेष बातचीत में कहा. फिल्म में भौकाल, गद्दी की जंग और मिर्जापुर की दमदार दुनिया की झलक देखने को मिलेगी. इसी सिलसिले में प्रमोशन के लिए आज पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा और अली फजल पटना पहुंचे थे.
आपके शहर में
दिव्येंदु ने कहा कि उन्होंने किरदार को दोबारा समझने के लिए उसके पुराने बेसिक्स पर काम किया. मेकअप और कॉस्ट्यूम में खुद को आईने में देखने के बाद उन्हें लगा कि वही मुन्ना वापस आ गया है. सेट पर पुराने कलाकारों और उसी माहौल ने भी उनकी काफी मदद की. हालांकि, एक अभिनेता को पानी की तरह होना चाहिए, जिसे जिस किरदार में रखा जाए, वह उसी रूप में ढल जाए.
बिहार पूरी तरह कम्प्लीट स्टेट, यहां के लोगों में दिमाग और मेहनत दोनों
दिव्येंदु शर्मा ने बिहार के लोगों की समझ, मेहनत और ह्यूमर की तारीफ की. उन्होंने कहा कि बिहार ऐसी जगह है, जहां के लोगों के पास बहुत दिमाग है और यह आध्यात्मिक रूप से भी महत्वपूर्ण जगह है. राजनीति और दूसरी चीजों को लेकर यहां के लोग काफी जानकार हैं. उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों का ह्यूमर भी बहुत मजबूत है और मेहनती लोगों के रूप में भी उनकी पहचान है. आईएएस लॉबी से लेकर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों तक बिहार के लोगों की मौजूदगी दिखती है.
फिल्म देखने की वजह इसकी नई कहानी और नई परिस्थिति
अली फजल ने बताया कि फिल्म की कहानी सीरीज के छठे और सातवें एपिसोड के बीच हुई एक ऐसी घटना पर आधारित है, जिसे अब तक दर्शकों ने नहीं देखा. उन्होंने कहा कि फिल्म में पुराने किरदारों के नए इमोशन, रिश्ते और उनके बारे में कई ऐसी बातें सामने आएंगी, जिनकी जानकारी दर्शकों को नहीं थी. अली फजल ने कहा कि ऑडियंस के प्यार को देखते हुए हमने इस वेब सीरीज को बड़े पर्दे पर लाने का सोचा. वहीं, बिहार आने को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे काफी टाइम लग गया. मुझे पहले ही बिहार आना चाहिए था. मेरा पुराना ताल्लुक बिहार से है. मेरी सास यहां से है और मेरे दादाजी भी यहां पोस्टेड थे.
कंकड़बाग से खगौल मैं रोज प्ले करने जाता था
पंकज त्रिपाठी ने कहा कि आज मुझे खगौल जाने का मौका मिला. मैं आज 30 साल बाद दानापुर स्टेशन पहुंचा था. वहां एक ऑडिटोरियम था, जहां से मैंने थिएटर की शुरुआत 1996 में की थी. कंकड़बाग से रोज मैं साइकिल से वहां पर प्ले करने जाता था. मैं आज फिर से पुरानी गलियों में वापस लौटा था, तो मुझे नॉस्टैल्जिया भी हुआ. इस शहर में मैं जब भी आता हूं तो पुरानी स्मृतियों में चला जाता हूं. वहीं, भोजपुरी पर फिल्म बनाने को लेकर उन्होंने कहा कि मेरा बहुत मन है कि भोजपुरी में फिल्म बनाऊं. मैं स्क्रिप्ट खोज रहा हूं.
पंकज त्रिपाठी ने दिव्येंदु को खिलाई खास पटना की लिट्टी
पटना पहुंचे ‘मिर्जापुर’ के कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी ने टीम के साथ फिल्म का प्रमोशन किया. इस दौरान उन्होंने दिव्येंदु शर्मा को पटना की खास लिट्टी खिलाई. उन्होंने भोजपुरी को लेकर कहा कि अवस्था अच्छी नहीं है.‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए