Bhagalpur news अनुमंडल अस्पताल का एसडीओ ने किया निरीक्षण, दिये निर्देश

Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 29 Jan 2026 12:36 AM

विज्ञापन

नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम ने अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर रोगियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया.

विज्ञापन

नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम ने अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर रोगियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया. निरीक्षण में उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये. एसडीओ ने मेडिकल स्टॉक रजिस्टर का भौतिक सत्यापन किया. रजिस्टर में दर्ज स्टॉक के अनुसार सभी दवाएं उपलब्ध मिली. उन्होंने दवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता पर संतोष जताया. अस्पताल के उपाधीक्षक पिकेंश कुमार से अस्पताल में व्याप्त समस्याओं की जानकारी ली . उपाधीक्षक ने एसडीओ को बताया कि अस्पताल में मानव संसाधन की कमी है. अस्पताल में कुल 108 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में मात्र 36 चिकित्सक व कर्मी ही कार्यरत हैं. ड्रेसर का पद पूरी तरह रिक्त है. चिकित्सकों की संख्या भी स्वीकृत पदों के अनुरूप नहीं है, जिससे रोगियों को समुचित इलाज में परेशानी हो रही है. निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अस्पताल में प्रतिदिन जिन रोगियों की जांच की जाती है, उनकी कोई सूची उपलब्ध नहीं है. एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रबंधक को निर्देश दिया कि जांच किये रोगियों की सूची प्रतिदिन तैयार कर सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और मरीजों को जानकारी मिल सके.

एसडीओ ने कहा कि अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. मानव संसाधन की कमी को लेकर संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जायेगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से रोगियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक व कर्मी मौजूद रहे. एसडीओ के निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गयी है.

एनक्वास टीम ने अनुमंडलीय अस्पताल कहलगांव का किया निरीक्षण

कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल का नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) की टीम ने दो दिवसीय दौरे के तहत निरीक्षण किया. टीम में शामिल डॉ सुमित कुमार सरकार व डॉ प्रियंका ने दिनभर अस्पताल के विभिन्न वार्ड, ओटी, कार्यालय व अन्य कक्षों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को तय मानकों को परखा. इस दौरान अस्पताल प्रभारी डॉ. पवन कुमार गुप्ता व अस्पताल प्रबंधक गोविंद कुमार मौजूद रहे. टीम ने डॉक्टरों व मरीजों से बातचीत की और बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट विभाग को सौंपी जायेगी.

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन