Bhagalpur news गार्ड को मारी गोली, जेसीबी से 370 फीट दीवार ध्वस्त कर 18 राउंड की फायरिंग
Published by : JITENDRA TOMAR Updated At : 01 Feb 2026 11:48 PM
फुलकिया गांव में शनिवार देर रात जमीन विवाद में हिंसा की घटना सामने आयी. नव निर्मित निजी भूखंड की रखवाली कर रहे एक निजी गार्ड को उपद्रवियों ने गोली मार दी.
घोघा आदर्श नगर फुलकिया गांव में शनिवार देर रात जमीन विवाद में हिंसा की घटना सामने आयी. नव निर्मित निजी भूखंड की रखवाली कर रहे एक निजी गार्ड को उपद्रवियों ने गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल गार्ड का इलाज मायागंज अस्पताल, भागलपुर में चल रहा है. जानकारी के अनुसार आदर्श नगर फुलकिया के बाल किशोर जायसवाल अपनी निजी जमीन की घेराबंदी कर लगभग 370 फीट लंबी पक्की दीवार का निर्माण कराया था. उक्त जमीन पर कुछ लोग कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे थे. शनिवार देर रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच लगभग 40 की संख्या में उपद्रवी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी दीवार को ध्वस्त कर दिया. दीवार तोड़ने के दौरान उपद्रवियों ने लगातार 17 से 18 राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दिया. जमीन की रखवाली कर रहे निजी गार्ड सहेन्द्र मंडल पिता महावीर मंडल फुलकिया ने जब इसका विरोध किया, तो उपद्रवियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. जान बचाकर भाग रहे गार्ड को लगभग 50 मीटर तक खदेड़ कर गोली मार दी. गोली उसकी दाहिनी जांघ में लगी. घटना की सूचना मिलते ही घोघा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गार्ड को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा. पुलिस ने घटनास्थल से जेसीबी मशीन को जब्त कर दो लोगों को हिरासत में लिया है. एसडीपीओ कल्याण आनंद ने बताया कि फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है. फिलहाल मामले में आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सुलतानगंज आदर्श नगर गांव में रविवार को एक विवाहिता की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हो गयी. मृतका की पहचान आदर्श नगर के राजकिशोर साह की पत्नी खुशबू देवी (35) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. मृतका के पति राजकिशोर साह ने पुलिस को बताया कि खुशबू देवी लंबे समय से बीमार चल रही थी. शनिवार की रात वह बगल के गांव में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गया था. देर रात जब वह घर लौटा तो सभी परिजन सो रहे थे. रविवार सुबह बच्चों के रोने की आवाज सुनकर जब वह कमरे में गया, तो देखा कि उसकी पत्नी बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी हुई है. मृतका के भाई गंगा साह ने बताया कि रविवार सुबह बहनोई ने फोन पर खुशबू की मौत की सूचना दी . सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ आदर्श नगर पहुंचे, जहां आस-पड़ोस के लोग पहले से जुटे थे. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी 112 पुलिस टीम को दी. पुलिस मौके पर पहुंची व मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










