भागलपुर में सोना-चांदी के भाव स्थिर, तिलहन में तेजी : जानें आज के मंडी भाव
आभूषण की दुकान | Prabhat Khabar Network
भागलपुर की मंडियों में खाद्य पदार्थों की कीमतों में बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है. सोना-चांदी के भाव पिछले पांच दिनों से स्थिर हैं, जबकि कुछ दलहन और तिलहन की कीमतों में तेजी है. शादी-ब्याह के सीजन का कीमतों पर असर पड़ने की उम्मीद है.
भागलपुर : स्थानीय मंडियों में कुछ दलहन और तिलहन को छोड़कर अधिकांश खाद्य पदार्थों की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं. वहीं सर्राफा बाजार में पिछले कुछ समय से लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. कारोबारियों के अनुसार पिछले पांच दिनों से सोना और चांदी के भाव में खास बदलाव नहीं हुआ है. थोक बाजार में चना और अरहर की कीमतों में तेजी है, जबकि अधिकांश अनाज के भाव स्थिर हैं. तिलहन की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है.
सोना-चांदी के भाव स्थिर
सर्राफा बाजार में सोना और चांदी के भाव फिलहाल स्थिर बताए जा रहे हैं. थोक बाजार के अनुसार:
- 24 कैरेट सोना: 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना: 1.406 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी: 2.36 लाख रुपये प्रति किलोग्राम
पिछले दो महीने में सोना-चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव रहा है. करीब 10 दिन पहले सोने के भाव में तेजी आयी थी, जबकि चांदी की कीमत में नरमी देखी गयी थी.
दलहन के भाव में मिला-जुला रुख
दलहन बाजार में चना और मसूर दाल के भाव फिलहाल स्थिर बताए जा रहे हैं. अरहर और मूंग की कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है.
| खाद्य सामग्री | कीमत |
| चना व मसूर दाल | 72 रुपये/किलो |
| अरहर दाल | 120-130 रुपये/किलो |
| मूंग दाल | 98 रुपये/किलो |
| कलई दाल | 105-115 रुपये/किलो |
| आटा | 35 रुपये/किलो |
कतरनी चावल और चूड़ा की कीमत
कतरनी चावल गुणवत्ता के आधार पर 80 से 160 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है. वहीं स्वर्णा चावल करीब 40 रुपये प्रति किलो है. कतरनी चूड़ा की कीमत 110 से 130 रुपये प्रति किलो बतायी गयी है.
चीनी के 50 किलो के पैकेट की कीमत भी बढ़ी है. कारोबारियों के अनुसार यह करीब 2300 रुपये से बढ़कर 2850 रुपये तक पहुंच गयी है.
खाद्य तेलों में तेजी का रुख
खाद्य तेलों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है. 15 किलो के मंगल तेल का डिब्बा तीन महीने पहले 2475 रुपये में था, जो पहले 2800 रुपये और अब बढ़कर 2930 रुपये हो गया है.
वहीं रिफाइंड पाम तेल की कीमत 13 लीटर के लिए 2350 से 2450 रुपये के बीच बनी हुई है. भोजन वनस्पति का 15 किलो का जार करीब 2480 रुपये में बिक रहा है.
शादी-ब्याह के सीजन में बदल सकते हैं भाव
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह के सीजन और बाजार में आपूर्ति की स्थिति का असर कीमतों पर पड़ सकता है. मांग और आपूर्ति में बदलाव के साथ कुछ उत्पादों के भाव में आगे भी उतार-चढ़ाव संभव है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए