टीएमबीयू की स्थापना शाखा समेत कई विभागों में घुसा बाढ़ का पानी, महत्वपूर्ण फाइलों के नष्ट होने की आशंका

Updated:
विज्ञापन

टीएमबीयू में लोग नाव से आवागमन कर रहे हैं.

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) परिसर में बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे प्रशासनिक भवन की कई महत्वपूर्ण शाखाएं जलमग्न हो गई हैं. पानी के इस प्रकोप से फाइलों और दस्तावेजों के नष्ट होने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है.

विज्ञापन

भागलपुर. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) परिसर में बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है. टीएमबीयू कैंपस और लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी में जमीन से करीब चार फीट ऊपर पानी बह रहा है. विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित स्थापना शाखा समेत कई अन्य शाखाओं में भी पानी प्रवेश कर गया है. पानी बढ़ने की रफ्तार तेज होने के कारण महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलों के नष्ट होने की आशंका जतायी जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्थापना शाखा समेत कई शाखाओं में घुसा पानी

विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के ग्राउंड फ्लोर में स्थित स्थापना शाखा में करीब दो दिनों से तालाबंदी कर उसे सील किया गया है. अब पानी कमरे के अंदर प्रवेश कर गया है. विश्वविद्यालय कर्मियों के अनुसार बजट शाखा, कैश काउंटर, लीगल शाखा, पेंशन शाखा और योजना शाखा समेत अन्य हिस्से भी पानी से प्रभावित हुए हैं.

कमरों के अंदर तीन फीट तक पानी

कैंपस में बाढ़ का पानी बढ़ने के साथ प्रशासनिक भवन के प्रभावित कमरों में जमीन से करीब तीन फीट तक पानी पहुंच गया है. पानी बढ़ने की रफ्तार को देखते हुए रात में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जतायी जा रही है. इससे कार्यालयों में रखी फाइलों, दस्तावेजों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की चिंता बढ़ गयी है.

कैंपस में नाव से पहुंच रहे लोग

विश्वविद्यालय परिसर के जलमग्न होने के कारण अब नाव का परिचालन शुरू हो गया है. कर्मचारी और अन्य लोग नाव के जरिए विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन तक पहुंच रहे हैं. कैंपस में प्रवेश करने वाले मुख्य गेट के आसपास भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है, जिससे सामान्य आवाजाही प्रभावित हुई है.

लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी के क्वार्टरों में चार फीट पानी

लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी स्थित सरकारी क्वार्टरों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है. शिक्षकों के अनुसार कमरों के अंदर करीब चार फीट तक पानी पहुंच गया है. पानी बढ़ने के कारण कई शिक्षक दो दिन पहले ही क्वार्टर खाली कर दूसरे स्थान पर चले गये थे. क्वार्टर देखने पहुंचे शिक्षकों ने कमरों में पानी भरा देखकर दहशत की स्थिति बतायी.

जहरीले जीवों के आने की भी चिंता

शिक्षकों ने बताया कि बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने के कारण घरों में सांप और अन्य जहरीले जीवों के आने की आशंका बनी हुई है. पानी के कारण क्वार्टरों में रहना मुश्किल हो गया है. शिक्षकों के साथ-साथ विश्वविद्यालय कर्मियों को भी अब बाढ़ की स्थिति और सामान व दस्तावेजों की सुरक्षा की चिंता सता रही है.

महत्वपूर्ण फाइलों की सुरक्षा बनी चुनौती

टीएमबीयू के प्रशासनिक भवन में पानी प्रवेश करने के बाद अब सबसे बड़ी चिंता कार्यालयों में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों और फाइलों की सुरक्षा को लेकर है. स्थापना, बजट, पेंशन, लीगल और योजना समेत कई शाखाओं के प्रभावित होने से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन