भागलपुर स्टेशन पर IRS अफसर का मोबाइल चोरी: हाईप्रोफाइल मामले में तुरंत जागी GRP

Updated:
विज्ञापन
Featured Image

भागलपुर स्टेशन ( जीआरपी थाना ) Ai Image

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज में पदस्थापित एक आईआरएस (IRS) अधिकारी का मोबाइल चोरी होने का हाईप्रोफाइल मामला सामने आया है. घटना के बाद पुलिस महकमे में मचे हड़कंप के बीच जीआरपी (GRP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरे की मदद से एक नाबालिग चोर को दबोचा और मोबाइल बरामद कर लिया.

विज्ञापन

IRS Officer Mobile Stolen: भागलपुर: जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के मूल निवासी और वर्तमान में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पोस्टेड (पदस्थापित) आईआरएस अधिकारी बीती 2 जुलाई को आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस से भागलपुर स्टेशन पहुंचे थे. ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर उतरने के दौरान अत्यधिक भीड़ का फायदा उठाकर एक शातिर मोबाइल चोर ने उनका कीमती फोन उड़ा लिया.

प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप, अलर्ट मोड पर GRP

एक प्रशासनिक अधिकारी का फोन चोरी होने की खबर भागलपुर रेलवे स्टेशन और पुलिस महकमे में आग की तरह फैल गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए कई आलाधिकारियों के फोन आने शुरू हो गए, जिससे यह पूरा मामला बेहद हाईप्रोफाइल हो गया. आईआरएस अधिकारी द्वारा जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते ही जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद पूरी टीम के साथ तुरंत हरकत में आ गए.

सीसीटीवी (CCTV) कैमरे की मदद से खुला राज

रेलवे स्टेशन पर लगे सुरक्षा कैमरों (सीसीटीवी) के फुटेज खंगालने के बाद जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली. फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग चोर को चिन्हित कर उसे स्टेशन परिसर से ही धर दबोचा. पूछताछ में नाबालिग ने मोबाइल चोरी करने की बात कबूल कर ली.

सुलतानगंज में छापेमारी, चोरों का लेखा-जोखा बरामद

पकड़े गए नाबालिग चोर की निशानदेही पर जीआरपी की टीम ने सबसे पहले सुल्तानगंज इलाके में छापेमारी की. पुलिस की भनक लगते ही वहां मौजूद मोबाइल गिरोह के अन्य सदस्य फरार होने में सफल रहे. हालांकि, पुलिस ने मौके से एक डायरी (कॉपी) बरामद की है. इस डायरी में चोरी किए गए मोबाइलों का पूरा हिसाब-किताब था, जिसमें मोबाइल की कंपनी का नाम और उसे कितने रुपये में बेचा गया, इसका पूरा ब्योरा दर्ज था.

IRS Officer Mobile Stolen: साहेबगंज (झारखंड) के महाराजपुर से मोबाइल बरामद

सुलतानगंज के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और नाबालिग की निशानदेही पर झारखंड के साहेबगंज जिला अंतर्गत महाराजपुर स्थित उसके पैतृक घर पर दबिश दी. जीआरपी थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग चोर की मां की मौजूदगी में महाराजपुर स्थित घर से आईआरएस अधिकारी का चोरी गया मोबाइल सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस फिलहाल इस गिरोह से जुड़े अन्य शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना


विज्ञापन
Lalit Kishore Mishra

लेखक के बारे में

By Lalit Kishore Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन