एक दिन में 26 पंचायत और बाढ़ की चपेट में, भागलपुर में 90 नावों से राहत-बचाव अभियान तेज
भागलपुर में बाढ़ का दायरा तेजी से बढ़ा है
भागलपुर में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, 82 पंचायतों के 269 गांवों में पानी घुस गया है. 3.87 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए 90 नावों का परिचालन और 91 सामुदायिक रसोई चला रहा है.
Bhagalpur Flood: भागलपुर जिले में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में ही 26 और पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया, जिससे अब जिले के 13 अंचलों की 82 पंचायतों के 269 गांव बाढ़ प्रभावित हो गये हैं. सोमवार को जहां 56 पंचायतों के 178 गांव बाढ़ की चपेट में थे, वहीं मंगलवार तक प्रभावित पंचायतों और गांवों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है.
बाढ़ के बढ़ते दायरे के साथ प्रभावित परिवारों और आबादी की संख्या में भी बड़ा उछाल आया है. प्रशासन के अनुसार प्रभावित परिवारों की संख्या 53,864 से बढ़कर 93,693 हो गयी है, जबकि प्रभावित आबादी 2,17,811 से बढ़कर 3,87,600 तक पहुंच गयी है. हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान को और तेज कर दिया है.
90 नावों से पहुंचायी जा रही राहत
जिलाधिकारी के निर्देश पर बाढ़ नियंत्रण और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने प्रेसवार्ता कर वर्तमान स्थिति की जानकारी दी. प्रशासन के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक लाने और जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नावों का परिचालन बढ़ाया गया है.
पहले 71 नावों का परिचालन हो रहा था, जिसे बढ़ाकर अब 90 नाव कर दिया गया है. प्रशासन ने निर्देश दिया है कि नाव चालकों के सक्रिय मोबाइल नंबर भी आम लोगों के लिए उपलब्ध कराये जाएं, ताकि बाढ़ प्रभावित लोग आपात स्थिति में सीधे संपर्क कर सकें.
जिला प्रशासन का सार्वजनिक संपर्क नंबर 0641-2402871 है. बाढ़ से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. आपदा शाखा को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है.
91 सामुदायिक रसोई में मिल रहा भोजन
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई की संख्या भी बढ़ायी गयी है. जिले में अब 91 सामुदायिक रसोई संचालित हो रही हैं. अकेले नाथनगर में 43 स्थानों पर सामुदायिक रसोई चलायी जा रही है.
इन सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन करने वालों की संख्या भी बढ़कर 1,92,266 हो गयी है. प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ के कारण प्रभावित हुए लोगों को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े और जरूरत के अनुसार रसोई की संख्या बढ़ायी जा सके.
7,025 पॉलीथिन शीट का वितरण
बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए पॉलीथिन शीट का वितरण भी किया जा रहा है. अब तक 7,025 पॉलीथिन शीट प्रभावित परिवारों के बीच बांटी जा चुकी हैं.
बाढ़ का पानी निचले इलाकों में फैलने के साथ बड़ी संख्या में लोगों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों की समस्या खड़ी हो गयी है. ऐसे में प्रशासन की ओर से राहत सामग्री और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था पर लगातार जोर दिया जा रहा है.
2,420 गर्भवती महिलाएं भी बाढ़ की चपेट में
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती और धात्री महिलाओं की स्थिति को लेकर भी प्रशासन ने विशेष निगरानी शुरू की है. आइसीडीएस विभाग की ओर से कराये गये सर्वे में 12 अंचलों में 2,420 गर्भवती महिलाओं और 1,786 धात्री महिलाओं को चिह्नित किया गया है.
इन महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष सुविधाएं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है. बाढ़ की स्थिति में गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचाने के लिए भी प्रशासन के सामने चुनौती बनी हुई है.
आपात स्थिति में इस नंबर पर करें संपर्क
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन को तत्काल सूचना दें. लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने को प्राथमिकता देने को कहा गया है.
Bhagalpur Flood: जिला प्रशासन का संपर्क नंबर : 0641-2402871
बाढ़ की स्थिति लगातार बदल रही है. ऐसे में प्रशासन ने आपदा शाखा और राहत-बचाव व्यवस्था को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचायी जा सके.
Also Read: 'जो दलितों से टकराएगा...’ नारों के बीच पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
Also Read: पटना में NIA की रेड के दौरान स्कूटी से मिले 20 लाख कैश, पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए