गांधी आगमन शताब्दी वर्ष पर भागलपुर में उठी मांग, डीएम कार्यालय में लगे बापू की प्रतिमा

Updated:
विज्ञापन
समाहरणालय परिसर में बना गांधी चबूतरा  | Prabhat Khabar Network

समाहरणालय परिसर में बना गांधी चबूतरा.  | Prabhat Khabar Network

Bhagalpur News : भागलपुर में महात्मा गांधी के आगमन के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शहरवासियों ने गांधी चबूतरा पर बापू की प्रतिमा स्थापित करने की जोरदार मांग उठाई है. इस मांग को लेकर जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है. आगामी 7 से 9 अगस्त तक राष्ट्रीय स्तर के आयोजन भी प्रस्तावित हैं.

विज्ञापन

Bhagalpur News : महात्मा गांधी के भागलपुर आगमन के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शहर के गांधीवादी, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार और पत्रकार एकजुट होकर समाहरणालय परिसर स्थित गांधी चबूतरा पर बापू की प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि गांधी आगमन शताब्दी वर्ष पर यह कदम भागलपुर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा.

जिलाधिकारी को भेजा गया मांग पत्र

अंग जन गण के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत और अध्यक्ष डॉ. सुधीर मंडल ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इस मांग को रखा है. इस पत्र पर अधिवक्ता त्रिलोकीनाथ दिवाकर, ओंकार नाथ दिवाकर तथा सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध मंडल सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं.

पत्र में कहा गया है कि समाहरणालय परिसर में गांधी चबूतरा तो बना हुआ है और पीछे दीवार पर महात्मा गांधी का विशाल चित्र भी अंकित है, लेकिन वहां उनकी प्रतिमा नहीं है. यदि 2 अक्टूबर 2026 तक गांधी चबूतरा पर बापू की भव्य प्रतिमा स्थापित कर दी जाती है तो यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और शहर की ऐतिहासिक विरासत भी समृद्ध होगी.

चंपारण के बाद सबसे अधिक बार भागलपुर आये थे महात्मा गांधी

वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत का कहना है कि बिहार में चंपारण के बाद महात्मा गांधी सबसे अधिक बार भागलपुर आए थे. इसके बावजूद शहर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर उनकी स्वतंत्र प्रतिमा नहीं है.

उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी के नाम पर शहर में एक प्रमुख सड़क जरूर है, लेकिन उसके आरंभ या अंत में भी उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं है. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के गांधी विचार विभाग में बापू की प्रतिमा मौजूद है, लेकिन वह आम लोगों की सहज पहुंच से दूर है. वहीं गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र में भी गांधी जी की प्रतिमा नहीं होने को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

7 से 9 अगस्त तक होगा राष्ट्रीय स्तर का आयोजन

गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र, भागलपुर की पहल पर गठित गांधी आगमन शताब्दी समारोह समिति आगामी 7, 8 और 9 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर का तीन दिवसीय आयोजन करेगी. इस दौरान सद्भावना यात्रा, संगीत संध्या, कवि सम्मेलन, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्मारिका प्रकाशन जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं.

हालांकि सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन आयोजनों के साथ यदि गांधी चबूतरा पर बापू की प्रतिमा स्थापना की घोषणा भी हो जाए, तो शताब्दी वर्ष का महत्व और अधिक बढ़ जाएगा. उनका मानना है कि 2 अक्टूबर 1925 को भागलपुर आए महात्मा गांधी की स्मृति को स्थायी रूप देने का इससे बेहतर अवसर नहीं हो सकता.


विज्ञापन
दीपक कुमार राव

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन