अंकित रंजन बने 21वीं राष्ट्रीय दिव्यांग शतरंज प्रतियोगिता के ओवरऑल चैंपियन

Updated:
विज्ञापन

विजेता प्रतिभागी

मारवाड़ी कॉलेज में आयोजित 21वीं राष्ट्रीय दिव्यांग शतरंज प्रतियोगिता का समापन हो गया. यूनिफाइड वर्ग में बेगूसराय के अंकित रंजन ओवरऑल चैंपियन बने. प्रतियोगिता में दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

भागलपुर. मारवाड़ी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय 21वीं राष्ट्रीय दिव्यांग शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया. प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से पहुंचे दिव्यांग और यूनिफाइड वर्ग के खिलाड़ियों ने एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया. समापन समारोह में विभिन्न वर्गों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

यूनिफाइड वर्ग में अंकित रंजन ने मारी बाजी

यूनिफाइड वर्ग में बेगूसराय के अंकित रंजन पांच अंक के साथ ओवरऑल चैंपियन बने. भागलपुर के रवि शंकर प्रसाद दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बेगूसराय के अभिषेक रंजन ने टाई-ब्रेक के आधार पर तीसरा स्थान हासिल किया. यूनिफाइड बालिका वर्ग में भागलपुर की साक्षी कुमारी प्रथम रहीं.

अलग-अलग वर्गों में इन खिलाड़ियों ने हासिल किया पहला स्थान

लोकोमोटर दिव्यांग वर्ग में लखनऊ के ललन प्रसाद चौरसिया चार अंक के साथ विजेता बने. भागलपुर के राहुल कुमार दूसरे और पटना के नीरज कुमार तीसरे स्थान पर रहे. लोकोमोटर महिला वर्ग में पटना की प्रियंका कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया.

बौद्धिक दिव्यांग वर्ग में बांका के तुषार शाश्वत और दृष्टिबाधित वर्ग में दिल्ली के अखिलेश श्रीवास्तव विजेता बने. श्रवण-बाधित वर्ग में पटना के प्रकाश कुमार ने पहला स्थान हासिल किया.

अंडर-15 और अंडर-11 में भागलपुर के खिलाड़ियों का दबदबा

अंडर-15 यूनिफाइड वर्ग में भागलपुर के अभिजीत कुमार विजेता बने. वहीं अंडर-11 यूनिफाइड वर्ग में भागलपुर के अमृत अंशुमान ने पहला स्थान हासिल किया. प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली आकृति नव्या को इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

शतरंज एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन का खेल

पुरस्कार वितरण समारोह में मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने कहा कि शतरंज केवल जीत-हार का खेल नहीं है, बल्कि यह एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का माध्यम है. दिव्यांग खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेना प्रेरणादायी है. उन्होंने खिलाड़ियों को समान अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया.

दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच देने पर जोर

भागलपुर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है. संघ की ओर से भविष्य में भी ऐसे आयोजन कर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.

अतिथियों और आयोजन से जुड़े लोगों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम का संचालन नसर आलम और अंजुम परवेज ने किया. समारोह में सचिव अजय कुमार मिश्रा, मुख्य निर्णायक अंकित कुमार मिश्रा, राजेश नंदन, सुयश श्रीवास्तव, कुणाल कुमार राय, अमित कुमार झा, हेमंत कुमार मिश्रा, सहजाद अंजुम, तुलसी कुमार, लालू कुमार, अर्चना कुमारी, पिंटू कुमार, छोटू कुमार, रितेश गोस्वामी, नेहा कुमारी समेत अन्य लोग मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन