bhagalpur news. महाशिवरात्रि महोत्सव : शिवमय हुआ सिल्क सिटी, शिवालयों में उमड़ा भक्तों का सैलाब

महाशिवरात्रि को लेकर रविवार को सिल्क सिटी शिवमय हो गया है. सुबह पट खुलते ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था
महाशिवरात्रि को लेकर रविवार को सिल्क सिटी शिवमय हो गया है. सुबह पट खुलते ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण दोपहर तक शिवालय मार्ग व आसपास क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन गयी. शिवरात्रि पर विभिन्न मंदिरों के साथ गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा.
भगवान शिव की जयकारा से गूंजता रहा शिवालय
जिले के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान भोले शंकर से आशीर्वाद लिया. मुख्य शहर स्थित बूढ़ानाथ, आदमपुर स्थित शिव शक्ति मंदिर, नाथनगर स्थित मनसकामना नाथ, साहेबगंज स्थित भूतनाथ, कोतवाली चौक स्थित कृपेश्वर नाथ, वेराइटी चौक स्थित दुग्धेश्वर नाथ, गोशाला स्थित गोपेश्वर नाथ आदि शिव मंदिरों में प्रातः जलाभिषेक हुआ. कहीं सुबह रूद्राभिषेक हुआ, तो कहीं शाम को. सभी शिवालयों में शाम को शृंगार पूजन हुआ. दिनभर चारों तरफ हर-हर महादेव व भगवान शिव की जयकारा गूंजता रहा.बूढ़ानाथ मंदिर: वैदिक रीति-रिवाज के साथ हुआ विवाह
भागलपुर शहर के ऐतिहासिक बाबा बूढ़ानाथ मंदिर सहित दरबार को महाशिवरात्रि के अवसर पर आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया था. मंदिर के प्रबंधक वाल्मिकी सिंह ने बताया कि महंत शिवनारायण गिरि के संचालन में सुबह 3.30 बजे सरकारी पूजन के बाद श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिया गया था. रात्रि में शिव-पार्वती माता का वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया गया. शहर के हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. रात्रि में यहां भजन की महफिल सजी. मुंगेर के कलाकार अभिजीत आनंद एवं आनंद शर्मा ने एक से एक शिव के भजन गाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया. आयोजन में उप प्रबंधक दीपक सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, मृत्युंजय राय, राकेश कुमार, नितिन भुवानिका, रवि कुमार आदि का योगदान रहा.
शिवशक्ति मंदिर में 24 घंटे के लिए शुरू हुआ महामृत्युंजय जाप
शहर में आकाशवाणी स्थित शिवशक्ति मंदिर में शिवरात्रि के अवसर पर रविवार को रुद्राभिषेक हुआ. फिर 24 घंटे के लिए महामृत्युंजय अखंड हवन का शुभारंभ हुआ. शनिवार को यहां शिवजी के मड़वा पर भंडारा का भव्य आयोजन किया गया था. श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. मंदिर के महंत अरुण बाबा के नेतृत्व में शिव-विवाह संपन्न कराया गया. यहां नगर निगम की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल व जल पात्र की व्यवस्था की थी. आयोजन में अबन सिंह, विवेक यादव, राजेश, निशांत, अजय, पिंकू, विभूति, गोपाल, ओम झा, रवि बिट्टू, हिमांशु, नितेश, बादल, डब्लू, अजय सिंह आदि का योगदान रहा.
कुपेश्वरनाथ मंदिर से रात्रि में निकाली गयी बारातकोतवाली स्थित कुपरेश्वरनाथ मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. दिनभर जलाभिषेक हुआ. शाम पांच बजे संध्या आरती हुई. महंत विजयानंद शास्त्री के संचालन में रात्रि में वैदिक विधि विधान से रुद्राभिषेक व शृंगार पूजन कराया गया. हर दिल समिति की ओर से भव्य शिव बारात निकाली गयी, जो आसपास क्षेत्र के मुख्य मार्ग से घूमकर पुन: मंदिर पहुंच पूरी हुई.
भूतनाथ मंदिर में हुआ 11 हजार गुलाब से शृंगारभूतनाथ मंदिर में जलार्पण को लेकर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. देर शाम 11 हजार गुलाब से शृंगार किया गया. प्रशांत एंड ग्रुप की ओर से भजन संध्या का आयोजन हुआ. भगवान शिव का भजन प्रस्तुत कर कलाकारों ने साहेबगंज व आसपास क्षेत्र का माहौल भक्तिमय कर दिया. पूजन का संचालन डॉ संदीप कुमार, डॉ तिरूपतिनाथ यादव, अमित कुमार, राजीव कुमार, रवि कुमार का योगदान रहा. गंगा तटों के समीप शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. हनुमान घाट स्थित शिव मंदिर, पुल घाट स्थित नागेश्वरधाम मंदिर, खिरनी घाट स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की.
कुतुबगंज महादेव तालाब से निकली शिव की बारात
शिव पार्वती मंदिर विकास समिति की ओर से बसंतपुर में भी महाशिवरात्रि का आयोजन किया गया. पुल घाट से बड़ गाछ चौक तक बरात शोभायात्रा निकाली गयी. कुतुबगंज स्थित महादेव तालाब मंदिर में महाशिवरात्रि होगी. गाजे-बाजे के साथ बरात निकाली गयी, जो कमलनगर, रामनगर कॉलोनी, मानिकपुर होते हुए मंदिर में पूरी हुई.शिव परिवार मंदिर से निकली कलश शोभायात्रा
सीसी मुखर्जी लेन, एसडीओ कार्यालय समीप शिव परिवार मंदिर से 25 महिलाओं ने कलश शोभायात्रा निकाली, जो बूढ़ानाथ मंदिर पहुंच जल भरकर फिर वापस मुख्य मार्ग मंदिर परिसर पहुंच पूरी हुई. वहीं मुंदीचक गढ़ैया स्थित नव स्थापित शिव मंदिर में भव्य आयोजन हुआ. आयोजन का संचालन अध्यक्ष राजेश मंडल, कुमार धर्मेंद्र आदि ने किया.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




