पश्चिम चंपारण में 8 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, छात्रों को मिलेगी बड़ी सौगात

Updated:
विज्ञापन
पश्चिम चंपारण में 8 नए डिग्री कॉलेज शुरू

नए सरकारी डिग्री कॉलेज

पश्चिम चंपारण में उच्च शिक्षा को नई रफ्तार मिलने जा रही है. जिले के आठ नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का आज शुभारंभ होगा. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल माध्यम से इन कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे, जिससे स्थानीय छात्रों को घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा.

विज्ञापन

Bettiah New College: पश्चिम चंपारण में उच्च शिक्षा को नई रफ्तार मिलने जा रही है. जिले के आठ नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का बुधवार, 15 जुलाई को शुभारंभ होगा. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भागलपुर से सुबह 10 बजे वर्चुअल माध्यम से इन कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन के साथ ही इन महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत भी हो जाएगी. जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी करने का दावा किया है.

किन प्रखंडों में खुले हैं नए डिग्री कॉलेज

राज्य सरकार ने छात्रों को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम चंपारण के आठ प्रखंडों में नए राजकीय डिग्री कॉलेज की स्वीकृति दी है. इनमें मझौलिया, चनपटिया, योगापट्टी, बैरिया, ठकराहा, सिकटा, भितहां और पिपरासी शामिल हैं. हर कॉलेज के लिए अलग-अलग नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.

उद्घाटन को लेकर प्रशासन ने की व्यापक तैयारी

डीएम के निर्देश पर कॉलेज भवन, कक्षाएं, पेयजल, बिजली, शौचालय, इंटरनेट, फर्नीचर, साफ-सफाई, सुरक्षा, मंच, एलईडी स्क्रीन, ऑनलाइन प्रसारण और अग्निशमन सहित सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं. उद्घाटन से पहले सभी कॉलेजों में वर्चुअल कार्यक्रम का ट्रायल रन भी कराया गया है ताकि किसी तरह की तकनीकी समस्या न हो.

प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल

जिले के प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव चनपटिया प्रखंड के कुमारबाग स्थित कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहीं सांसद, विधायक, विधान पार्षद, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के महाविद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. जिला प्रशासन ने शिक्षाविदों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और आम लोगों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है.

छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

इन नए डिग्री कॉलेजों के शुरू होने से अब ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. समय और खर्च दोनों की बचत होगी. साथ ही स्थानीय स्तर पर स्नातक शिक्षा की सुविधा मिलने से उच्च शिक्षा का दायरा भी बढ़ेगा. प्रशासन का कहना है कि उद्घाटन के साथ ही नियमित पठन-पाठन शुरू कराया जाएगा, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो.

यह भी पढ़ें: बांकीपुर विधानसभा चुनाव: केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे बने BJP के स्टार प्रचारक, कार्यकर्ताओं में उत्साह


विज्ञापन
अवध किशोर तिवारी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन