जिस घर में गूंज रही थीं खुशियां, वहीं पसरा मातम, गेंद उठाने गई 3 साल की मासूम की दर्दनाक मौत

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में हंगामा करते आक्रोशित

बेतिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ खेलने के दौरान तीन साल की मासूम प्रीति की गर्म कड़ाही गिरने से मौत हो गई. घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया.

विज्ञापन

Bettiah News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चरगाहा वार्ड नंबर-40 स्थित मिश्र टोला में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया. घर के पास खेल रही तीन वर्षीय प्रीति कुमारी की गेंद चूल्हे के पास चली गई. गेंद उठाने के दौरान चूल्हे पर रखी गर्म कढ़ाई उसके शरीर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई. इलाज के दौरान जीएमसीएच में उसकी मौत हो गई. बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

गेंद उठाने गई थी प्रीति, अचानक गिर गई गर्म कढ़ाई

बताया जाता है कि शनिवार की शाम करीब सात बजे चरगाहा निवासी हरेंद्र पासवान के छोटे भाई मनमोहन पासवान के नवजात बच्चे का छठियार कार्यक्रम था. घर में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चल रही थीं और मछली बनाने के लिए चूल्हे पर कढ़ाई चढ़ाई गई थी.

कढ़ाई में मसाला भुना जा रहा था. इसी दौरान घर के पास खेल रही प्रीति की गेंद चूल्हे के पास चली गई. गेंद उठाने के लिए जैसे ही बच्ची वहां पहुंची, चूल्हे पर रखी गर्म कढ़ाई उसके शरीर पर गिर गई.

गंभीर हालत में जीएमसीएच ले गए परिजन

हादसे के बाद बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई. परिजनों ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए जीएमसीएच पहुंचाया. चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान प्रीति की मौत हो गई.

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घर में चल रहे छठियार कार्यक्रम की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं.

बच्ची की मौत के बाद अस्पताल में मचा हंगामा

प्रीति की मौत के बाद परिजनों ने जीएमसीएच में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया. परिजन इलाज की व्यवस्था और बच्ची की मौत को लेकर नाराजगी जता रहे थे.

हंगामे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना, नगर थाना और कालीबाग थाना की पुलिस के साथ क्यूआरटी की टीम अस्पताल पहुंची. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.

कई थानों की पुलिस अस्पताल में रही तैनात

पुलिस की मौजूदगी के बावजूद परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करते रहे. स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम अस्पताल परिसर में कैंप कर रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.

दो बहनों में एक थी प्रीति, पिता करते हैं मजदूरी

बताया गया कि प्रीति दो बहनों में एक थी. उसके पिता हरेंद्र पासवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना के बाद चरगाहा मिश्र टोला में भी मातम का माहौल है. स्थानीय लोग परिवार को ढांढ़स बंधाने में जुटे हैं.

यह भी पढ़ें: एक आदेश में वसूली पर रोक, दूसरे में मंजूरी! बेतिया में आखिर किसके आदेश पर कटेगा वाहन शुल्क?


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन