सत्याग्रह एक्सप्रेस में यात्री की जेब से मोबाइल चोरी, हरिनगर में आरपीएफ-जीआरपी ने आरोपी को दबोचा
गिरफ्तार आरोपित | Prabhat Khabar Network
सत्याग्रह एक्सप्रेस में यात्री का मोबाइल चोरी कर भाग रहे युवक को आरपीएफ और जीआरपी ने हरिनगर स्टेशन पर दबोचा। आरोपी के पास से दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
Narkatiaganj News: सत्याग्रह एक्सप्रेस में यात्री की जेब से मोबाइल चोरी कर ट्रेन से उतरकर भाग रहे एक युवक को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने हरिनगर स्टेशन पर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल समेत दो मोबाइल बरामद हुए हैं. दोनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बतायी गयी है. पूछताछ के बाद आरोपी को रेल थाना नरकटियागंज लाया गया, जहां यात्री के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी.
आपके शहर में
रामनगर के यात्री की ट्रेन में चढ़ते ही चोरी
रामनगर थाना क्षेत्र के सिगरी मुड़ीला वार्ड नंबर-2 निवासी राधा मोहन पासवान (46) शनिवार को ट्रेन संख्या 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस से हरिनगर से शाहजहांपुर जाने के लिए यात्रा कर रहे थे. ट्रेन करीब 11:25 बजे हरिनगर स्टेशन पहुंची.
यात्री के ट्रेन में चढ़ते ही एक युवक ने कथित रूप से उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया और ट्रेन से उतरकर भागने लगा.
जेब टटोलने पर पता चली चोरी, शोर सुनकर एक्टिव हुई पुलिस
कुछ देर बाद राधा मोहन पासवान ने जेब टटोली तो मोबाइल गायब मिला. इसके बाद उन्होंने शोर मचाते हुए चोर-चोर कहकर युवक का पीछा करना शुरू कर दिया.
यात्री की आवाज सुनकर हरिनगर स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात आरपीएफ के प्रधान आरक्षी नीरज कुमार, प्रधान आरक्षी संतोष कुमार और जीआरपी नरकटियागंज के जवान सक्रिय हो गए. संयुक्त टीम ने भाग रहे युवक को मौके पर ही पकड़ लिया.
तलाशी में चोरी का मोबाइल समेत दो फोन बरामद
आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप के अनुसार पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ. इस मोबाइल में शिकायतकर्ता राधा मोहन पासवान का सिम कार्ड लगा हुआ था.
इसके अलावा आरोपी के पास से आईटेल कंपनी का एक अन्य कीपैड मोबाइल भी मिला. दोनों मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बतायी गयी है.
बगहा का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान देवेन्द्र राम (24), पिता स्व. अखिलेश राम, निवासी नउका टोला (डोमटोली), थाना बगहा, पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई.
आरपीएफ और जीआरपी की टीम आरोपी, बरामद दोनों मोबाइल और यात्री राधा मोहन पासवान को लेकर रेल थाना नरकटियागंज पहुंची.
प्राथमिकी दर्ज, एएसआइ को सौंपी गई जांच
राधा मोहन पासवान के लिखित आवेदन के आधार पर रेल थाना नरकटियागंज में कांड संख्या 43/2026, दिनांक 29 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में देवेन्द्र राम को नामजद आरोपी बनाया गया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(C)/317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक गुड्डू कुमार को सौंपी गयी है.
दूसरे मोबाइल को लेकर भी पुलिस जुटा रही जानकारी
आरपीएफ और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई के कारण मोबाइल चोरी कर भाग रहा युवक हरिनगर स्टेशन पर ही पकड़ा गया. पुलिस अब आरोपी के पास से बरामद दूसरे मोबाइल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह मोबाइल उसके पास कैसे पहुंचा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए