बगहा के सातों प्रखंडों में रक्षाबंधन की धूम, राखी-मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़
भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन (फोटो- सांकेतिक, एआई जेनरेटेड)
बगहा अनुमंडल के सातों प्रखंडों में रक्षाबंधन उत्साह से मनाया गया. बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई. बाजारों में राखी और मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही, जबकि बढ़ती कीमतों के बावजूद खरीदारी जमकर हुई.
बगहा में रक्षाबंधन: अनुमंडल क्षेत्र के सातों प्रखंडों में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. सुबह से ही घरों में त्योहार को लेकर चहल-पहल रही. बहनों ने स्नान-ध्यान कर शुभ मुहूर्त में भाइयों की आरती उतारी, माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा. इसके बाद मिठाई खिलाकर भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
आपके शहर में
वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा करने और हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया. शहर से लेकर कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों तक रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
नए कपड़े पहन एक-दूसरे के घर पहुंचे भाई-बहन

सुबह से ही भाई-बहन नए कपड़े पहनकर एक-दूसरे के घर पहुंचते नजर आए. कई घरों में पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने भाइयों को राखी बांधी. बच्चों में भी त्योहार को लेकर विशेष उत्साह रहा.
सुबह-सुबह स्नान कर बच्चे तैयार हुए और राखी बांधने के कार्यक्रम में शामिल हुए. बहनों ने भाइयों की आरती उतारी, तिलक लगाया और मिठाई खिलाई. भाइयों ने भी बहनों को अलग-अलग उपहार देकर खुश किया. पूरे दिन घर-परिवार में हंसी-खुशी और उत्सव का माहौल बना रहा.
राखी और मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़

रक्षाबंधन के अवसर पर बगहा शहर समेत ग्रामीण बाजारों और हाटों में भी काफी चहल-पहल रही. राखी, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ लगी रही. बाजारों में बच्चों के लिए कार्टून और रंग-बिरंगी राखियों के साथ युवतियों और महिलाओं के लिए डिजाइनर राखियां भी उपलब्ध थीं.
बगहा बाजार स्थित नटराज मिष्ठान भंडार, न्यू नटराज मिष्ठान, ओम साईं मिष्ठान और बगहा-दो समेत अन्य मिठाई दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई. दुकानदारों ने रक्षाबंधन को देखते हुए पहले से ही अलग-अलग प्रकार की मिठाइयां तैयार कर रखी थीं.
बढ़ती कीमतों के बावजूद जमकर हुई खरीदारी
नटराज मिष्ठान भंडार के प्रोपराइटर रोहन और अभिनंदन कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर दो दिन पहले से ही मिठाइयों की तैयारी शुरू कर दी गई थी. उनके अनुसार चीनी, रिफाइन और अन्य सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण इस बार मिठाइयों के दाम पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रहे. इसके बावजूद लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार मिठाइयों की जमकर खरीदारी की.
प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व
रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है. बहन भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी खुशहाली की कामना करती है, जबकि भाई हर परिस्थिति में बहन के साथ खड़े रहने का वचन देता है. इसी परंपरा के साथ बगहा अनुमंडल क्षेत्र में लोगों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया.
यह भी पढ़ें:
डाकुओं के अड्डे से शिक्षा के गढ़ तक... 30 साल में बदल गई गहिरी पंचायत की कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए