बेतिया जा रही बस के सामने आया बोलेरो, साइड लेते ही पलट गयी गाड़ी, 6 यात्री घायल
पश्चिम चंपारण के मैनाटाड़ में यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 6 लोग घायल हो गए. यह हादसा तब हुआ जब बस चालक बोलेरो को साइड दे रहा था. स्थानीय लोगों ने फंसे यात्रियों को बाहर निकाला.
West Champaran News: मैनाटाड़. पिड़ारी से बेतिया जा रही यात्री बस मंगलवार सुबह पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के तिलंगही बहुअरवा स्कूल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गयी. हादसे में बस सवार छह यात्री घायल हो गये. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गयी. आसपास के लोगों ने पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला.

बोलेरो से साइड लेने के दौरान हुआ हादसा
बताया गया कि बस में करीब 20 यात्री सवार थे और वह पिड़ारी से बेतिया की ओर जा रही थी. तिलंगही बहुअरवा स्कूल के पास बेतिया की ओर से आ रही बोलेरो को साइड देने के दौरान बस चालक ने नियंत्रण खो दिया.
नियंत्रण बिगड़ते ही बस सड़क के किनारे पलट गयी. दुर्घटना के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गयी.
ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को निकाला

बस पलटने के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की.
घटना की सूचना मिलते ही पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और राहत कार्य में सहयोग किया.
थानाध्यक्ष ने घायलों को सीएचसी भेजा
सूचना मिलने के बाद पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने सभी घायलों को अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मैनाटाड़ भेजवाया.
इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू कराया.
छह यात्रियों का हुआ इलाज
हादसे में पुरैनिया की सलमुन नेशा, सकरौल की फूलपति देवी, मैनाटाड़ की रंजना देवी, पिपरपाती की सलामुन खातुन, शहाबुद्दीन मियां और जमीला खातुन घायल हुए.
सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मैनाटाड़ में कराया गया. चिकित्सक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है.
बस चालक और स्टाफ मौके से फरार
दुर्घटना के बाद बस चालक और स्टाफ के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आयी है. पुलिस ने घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो को साइड देने के दौरान बस का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ. पुलिस घटनास्थल और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के तीन कॉलेजों में सीट से अधिक नामांकन, नोटिस जारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए