बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के तीन कॉलेजों में सीट से अधिक नामांकन, नोटिस जारी
बीआरएबीयू
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के तीन कॉलेजों पर स्नातक सत्र 2026-30 में स्वीकृत सीटों से अधिक नामांकन लेने का आरोप लगा है. छात्रों की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय ने इन कॉलेजों के प्राचार्यों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है.
Bettiah News: बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के नामांकन को लेकर अनियमितता का मामला सामने आया है. छात्रों की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय छात्र कल्याण संकाय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आलोक प्रताप सिंह ने बेतिया के एमजेके कॉलेज, राम लखन सिंह यादव कॉलेज और सीतामढ़ी के आरएसएस महिला कॉलेज के प्राचार्यों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है. विश्वविद्यालय के अनुसार, तीनों कॉलेजों में विभिन्न कोटा के तहत स्वीकृत सीट सीमा से अधिक नामांकन लिये गये हैं.
तीन कॉलेजों में सीट से अधिक नामांकन का आरोप
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, स्नातक सत्र 2026-30 के नामांकन में तीनों कॉलेजों ने निर्धारित स्वीकृत सीट से अधिक दाखिले लिये हैं. विभिन्न कोटा के तहत तय सीट सीमा से अधिक नामांकन किये जाने को विश्वविद्यालय ने गंभीर अनियमितता माना है.
छात्रों की शिकायत के बाद मामले को संज्ञान में लेते हुए विश्वविद्यालय स्तर से संबंधित कॉलेजों से जवाब मांगा गया है.
तीन दिन में देना होगा लिखित स्पष्टीकरण
छात्र कल्याण संकाय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आलोक प्रताप सिंह की ओर से जारी आदेश में कॉलेज प्रशासन को तीन दिनों के भीतर दो काम अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
पहला, स्वीकृत सीट से अधिक नामांकन लिये जाने के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण देना होगा. दूसरा, जिन विद्यार्थियों का निर्धारित सीमा से अधिक नामांकन लिया गया है, उनकी पूरी विवरणी और उससे संबंधित सहायक दस्तावेजों की प्रमाणित हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय छात्र कल्याण कार्यालय में जमा करनी होगी.
नामांकन से जुड़े दस्तावेज भी होंगे जमा
विश्वविद्यालय ने संबंधित कॉलेजों से अधिक नामांकन की पूरी जानकारी मांगी है. इसके तहत विद्यार्थियों की विवरणी के साथ नामांकन से जुड़े सहायक दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
इससे विश्वविद्यालय प्रशासन नामांकन की प्रक्रिया, स्वीकृत सीट और लिये गये दाखिलों के बीच अंतर की जांच कर सकेगा.
संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो रद्द होंगे नामांकन
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण या आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जांच के दौरान यदि नामांकन में अनियमितता या त्रुटि पायी जाती है, तो संबंधित सभी अवैध नामांकन रद्द किये जा सकते हैं.
इसके साथ ही संबंधित कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विधिसम्मत अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी बात कही गयी है.
एमजेके, आरएलएसवाई और आरएसएस कॉलेज से मांगा जवाब
नोटिस बेतिया के महारानी जानकी कुंवर महाविद्यालय, राम लखन सिंह यादव कॉलेज और सीतामढ़ी के आरएसएस महिला कॉलेज के प्राचार्यों को जारी किया गया है. विश्वविद्यालय ने तीनों संस्थानों को निर्धारित अवधि में जवाब और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
छात्रों की शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई
मामले की शुरुआत छात्रों की शिकायत के बाद हुई. शिकायत में स्नातक नामांकन में सीट से अधिक दाखिले की बात उठायी गयी थी. इसके बाद विश्वविद्यालय छात्र कल्याण संकाय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कॉलेजों से जवाब तलब किया.
अब कॉलेजों के स्पष्टीकरण और दस्तावेजों के आधार पर विश्वविद्यालय आगे की कार्रवाई तय करेगा.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी सदर अस्पताल को मिले 4 नए डॉक्टर, मरीजों को मिलेगी बेहतर इलाज की सुविधा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए