विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन

लक्ष्मीनगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने उसके पति और सास पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है.

विज्ञापन

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर वार्ड आठ में शनिवार की शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान लक्ष्मीनगर निवासी राहुल साह की 20 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी के रूप में हुई है. रिंकी का मायका पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना अंतर्गत चीउटाहा में है. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति राहुल साह और सास पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वारदात के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग छह माह की दुधमुंही बच्ची को लेकर मौके से फरार बताए जा रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

West Champaran crime: लक्ष्मीनगर में विवाहिता की मौत

परिजनों के अनुसार, शनिवार की शाम करीब चार बजे रिंकी की ननद बबिता देवी ने फोन कर उसके पिता रामरूप साह को इस घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही मायके वाले आनन-फानन में लक्ष्मीनगर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस के पहुंचने पर परिजन जब घर के अंदर गए, तो उन्होंने देखा कि रिंकी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ है. परिजनों ने बताया कि उसके गले पर गहरे निशान थे, जिससे प्रतीत होता है कि कपड़े से गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या की गई है.

शादी के बाद रंगभेद को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप

रिंकी के चाचा हरिलाल प्रसाद ने बताया कि करीब ढाई वर्ष पूर्व रिंकी की शादी राहुल साह के साथ हुई थी. शादी के शुरुआती डेढ़ वर्ष तक सबकुछ बिल्कुल सामान्य था. इसके बाद पति राहुल साह कथित तौर पर रिंकी के सांवले रंग को लेकर उसे ताने मारने लगा और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा. चाचा का आरोप है कि राहुल अक्सर कहता था कि लड़की काली है और इसे मार देंगे.

हत्या के बाद छह माह की बच्ची को लेकर ससुराल वाले फरार

मृतका रिंकी दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी. उसका पति राहुल साह बाहर रहकर मजदूरी का काम करता है और करीब 20 दिन पहले ही घर लौटा था. परिजनों का आरोप है कि रिंकी के साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. साक्ष्य छिपाने के लिए उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया. घटना के बाद से पति, सास और परिवार के अन्य सदस्य छह महीने की मासूम बच्ची को लेकर घर से भाग गए हैं.

पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने मोबाइल तोड़ने का भी लगाया आरोप

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. फरार ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी चल रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन