Bettiah News: लौरिया में छठियार की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बस, 5 की मौत

Updated:
विज्ञापन

नाराज लोगों को समझाते पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि

लौरिया के बनकटवा गांव में छठियार समारोह के दौरान मातम छा गया जब एक तेज रफ्तार बस आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुस गई. इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए, जिससे खुशियों का माहौल अचानक गम में बदल गया.

विज्ञापन

Bettiah News: लौरिया. थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव के समीप एनएच-727 पर शुक्रवार की मध्य रात्रि तेज रफ्तार बस ने छठियार समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया. आर्केस्ट्रा देखने के लिए सड़क किनारे जुटी भीड़ में अनियंत्रित बस घुस गयी. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि नरेश राम, श्यामबाबू साह, अजीत साह और मचान महतो समेत कई लोग घायल हो गये. मृतकों में समारोह के आयोजनकर्ता देवेंद्र दुबे समेत भोला दुबे, बहादुर महतो, छागूड़ राम और संजय महतो शामिल हैं. घटना से आक्रोशित लोगों ने शनिवार सुबह शवों के साथ एनएच जाम कर दिया. करीब साढ़े चार घंटे बाद मुआवजा राशि मिलने पर जाम समाप्त हुआ.

आपके शहर में

विज्ञापन

Lauriya News: आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी तेज रफ्तार बस

जानकारी के अनुसार, बनकटवा गांव में एक घर में बच्चे के छठियार समारोह का आयोजन था. समारोह में आर्केस्ट्रा मंगाया गया था. रात में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क किनारे खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे.

इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गयी. बस देखते ही देखते भीड़ को रौंदते हुए आर्केस्ट्रा स्थल में जा घुसी. हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गयी और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी.

हादसे में देवेंद्र दुबे (35), भोला दुबे (35), बहादुर महतो (45), छागूड़ राम (70) और संजय महतो (28) की मौत हो गयी. वहीं कई लोग घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

खुशियों के बीच अचानक पसरा मातम

जिस जगह कुछ देर पहले बच्चे के छठियार की खुशियां मनायी जा रही थीं, वहीं कुछ ही देर बाद शव और घायलों का मंजर दिखाई देने लगा.

सूचना मिलने पर लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

आक्रोशित लोगों ने बस और एंबुलेंस के शीशे तोड़े

हादसे के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साये लोगों ने आयोजनकर्ता देवेंद्र दुबे के घर के बाहर रखी कुर्सियों और दो बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया.

इसके बाद हादसे में शामिल बस और सीएचसी की एंबुलेंस के शीशे भी तोड़ दिये गये. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.

शवों के साथ एनएच-727 किया जाम

हादसे के बाद शनिवार सुबह मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को एनएच-727 पर रखकर सड़क जाम कर दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे थे. करीब साढ़े चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा. मुआवजा राशि मिलने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका.

पांच मौतों से बनकटवा में मचा कोहराम

छठियार समारोह में शामिल लोगों को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल जायेगा. एक साथ पांच लोगों की मौत से बनकटवा गांव में मातम पसरा है.

मृतकों के परिजनों के विलाप से पूरा गांव गमगीन है. समारोह की खुशियां पल भर में परिवारों के लिए अपूरणीय दुख में बदल गयीं.

मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये

लौरिया अंचल कार्यालय की ओर से हादसे में मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री अनुग्रह अनुदान के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गयी है.

देवेंद्र दुबे के आश्रित गुड़िया कुमारी, राकेश कुमार दुबे उर्फ भोला दुबे के आश्रित अंतिमा देवी, संजय कुमार के आश्रित मनोजिया देवी, बहादुर महतो के आश्रित अनीता देवी और छागू राम के आश्रित सीता देवी को यह सहायता राशि दी जानी है.

यह भी पढ़ें: डायबिटीज के मरीजों में बढ़ रहा लीवर फाइब्रोसिस और सिरोसिस का खतरा, 10 साल से अधिक पुराने मरीज रहें सतर्क


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन