आपके बच्चे के पास है कोई नया आइडिया? स्कूल में होगा चयन, मॉडल बनाने के लिए सरकार देगी 10 हजार रुपये

INSPIRE Award MANAK 2026
क्या आपके बच्चे के पास है कोई अनोखा आइडिया जो रोजमर्रा की समस्या हल कर सके? INSPIRE Award MANAK 2026 योजना के तहत, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी अपने नवाचारी विचारों को प्रस्तुत कर सकते हैं. चयनित होने पर उन्हें अपने आइडिया का मॉडल बनाने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी. यह योजना सरकारी, अनुदानित और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के छात्रों के लिए खुली है.
INSPIRE Award MANAK 2026: किसी छात्र के पास रोजमर्रा की समस्या हल करने वाला नया आइडिया है तो अब उसे स्कूल से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिल सकता है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का चयन किया जाएगा.
सरकारी, अनुदानित और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय इसमें शामिल होंगे. प्रत्येक विद्यालय अपने विद्यार्थियों के अधिकतम पांच श्रेष्ठ नवाचारी आइडिया का चयन कर निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करेगा.
30 जुलाई तक स्कूलों में होगी नवाचार प्रतियोगिता
सभी विद्यालयों में 30 जुलाई तक विद्यालय स्तरीय नवाचार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसमें विद्यार्थियों के प्रस्तुत किए गए नए विचार और नवाचारों को परखा जाएगा.
इनमें से प्रत्येक विद्यालय अधिकतम पांच सर्वश्रेष्ठ आइडिया का चयन करेगा. विद्यालय प्रधान और नामित नोडल शिक्षक की जिम्मेदारी होगी कि चयनित नवाचारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए.
15 सितंबर तक ऑनलाइन अपलोड होंगे आइडिया
चयनित नवाचारों को 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 के बीच निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा.
जिन विद्यालयों का ईएमआईएएस पोर्टल पर अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें 20 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया है.
आइडिया चुना गया तो मिलेंगे 10 हजार रुपये
पोर्टल पर भेजे गए नवाचारों में से सामाजिक समस्याओं के समाधान से जुड़े श्रेष्ठ और उपयोगी विचारों का चयन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा किया जाएगा.
चयनित विद्यार्थियों को अपने नवाचार का मॉडल या प्रोटोटाइप तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. यह राशि सीधे विद्यार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी.
स्कूलों से लेकर जिला स्तर तक होगी निगरानी
सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को विज्ञान शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से विद्यालयों में कार्यक्रम की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. उन्हें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि 15 सितंबर तक चयनित नवाचार पोर्टल पर अपलोड हो जाएं.
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) सह जिला नोडल पदाधिकारी ऑनलाइन आवेदनों की नियमित समीक्षा करेंगे. इसके बाद योग्य और चयनित नवाचारों को राज्य स्तर से भारत सरकार के पास अग्रसारित किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










