Narkatiaganj News: गोखुला गांव में मिजल्स के दो मामले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 204 बच्चों का सर्वे

बैठक में स्वस्थ्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
गोखुला गांव में खसरे के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए 204 बच्चों का सर्वे किया गया है और जल्द ही विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा.
Narkatiaganj News: प्रखंड के गोखुला गांव में मिजल्स (खसरा) के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है. संक्रमण की रोकथाम के लिए गांव में 9 माह से पांच वर्ष तक के 204 बच्चों का सर्वे कराया गया है. दोनों संक्रमित बच्चों के घर मेडिकल टीम भेजकर स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है.
बुधवार को विशेष टीकाकरण अभियान
अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि गांव में बुधवार को विशेष टीकाकरण अभियान चलाकर पात्र बच्चों को मिजल्स का टीका लगाया जाएगा. सर्वे के दौरान चिन्हित सभी 204 बच्चों को विटामिन ए की खुराक भी दी गई है.
मेडिकल टीम को निगरानी के निर्देश
डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और पूरे गांव की निगरानी करने के लिए मेडिकल टीम को निर्देश दिए गए हैं. एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को क्षेत्र में मिजल्स का कोई भी संदिग्ध मरीज मिलने पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है, ताकि समय पर जांच और उपचार शुरू किया जा सके.
एएनएम बैठक में टीकाकरण की समीक्षा
शनिवार को अनुमंडलीय अस्पताल सभागार में आयोजित एएनएम बैठक में टीकाकरण, आरसीएच डाटा एंट्री और गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की समीक्षा की गई. सभी एएनएम को अपने-अपने क्षेत्र में मिजल्स, आरआई और नियमित टीकाकरण शत-प्रतिशत पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
अस्पताल प्रबंधक विपिन राज ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. बैठक में डब्ल्यूएचओ के प्रखंड प्रबंधक सैयद गौसुल आजम, बीसीएम राकेश कुमार, संगणक नंदू सिंह सहित सभी एएनएम उपस्थित थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










