बगहा में उप मुखिया समेत दो लोगों को गोली मारने की घटना, आरोपियों की तलाश में पुलिस
एसडीपीओ ने घायलों का लिया जायजा
बगहा के भैरोगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम उप मुखिया अशोक दास और वार्ड सदस्य के पति राधेश्याम राम को पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर किया गया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.
Bagaha Crime News: बगहा पुलिस जिला अंतर्गत भैरोगंज थाना क्षेत्र के कपरधिका और लक्ष्मीपुर में बुधवार की देर शाम पुराने विवाद को लेकर अज्ञात अपराधियों ने भैरोगंज पंचायत के उप मुखिया अशोक दास और वार्ड छह के वार्ड सदस्य के पति राधेश्याम राम को गोली मार दी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई.
आपके शहर में
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल-112 और भैरोगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया.

दोनों को लगी दो-दो गोली, बेतिया रेफर
अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजय गुप्ता ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. उन्होंने बताया कि दोनों लोगों को दो-दो गोली लगी है. गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दोनों को जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया.
घायलों की पहचान कपरधिका वार्ड संख्या नौ निवासी 40 वर्षीय अशोक दास, पिता चंद्रिका दास और लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या छह निवासी 38 वर्षीय राधेश्याम राम, पिता रामेश्वर राम के रूप में हुई है.
पुराने विवाद को बताया जा रहा घटना का कारण

एसडीपीओ बगहा निहार भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश का विवाद बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गोलीबारी के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है.
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी. घटना की सूचना मिलते ही भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही पुलिस
एसडीपीओ निहार भूषण भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और पुलिस अभिरक्षा में दोनों घायलों के इलाज की जानकारी ली. चिकित्सकों द्वारा गंभीर स्थिति बताए जाने के बाद दोनों को जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया.
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
अस्पताल परिसर में नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: केसरिया तेजाब कांड में SP की एंट्री, सोनारी दुकान का ताला खुला तो मिली तेजाब की बोतल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए