बेतिया: 14 साल की छात्रा स्कूल से निकली, फिर पोखर किनारे घायल मिली, पुलिस जांच में जुटी
अस्पताल में भीड़
पश्चिम चंपारण में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नौवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा स्कूल से घर लौटते समय घायल अवस्था में मिली. छात्रा को पोखर किनारे खून से लथपथ पाया गया, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
West Champaran News: बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को स्कूल से घर लौट रही नौवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली. तरहरवा कुट्टी के पास पोखर किनारे छात्रा खून से लथपथ हालत में मिली, जिसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. छात्रा की गर्दन के आगे की ओर गहरा जख्म पाया गया. ग्रामीणों की मदद से उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
आपके शहर में
Narkatiaganj News: साइकिल गिरी मिली, पोखर किनारे घायल थी छात्रा
जानकारी के अनुसार छात्रा मतिसरा स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ती है. शनिवार को स्कूल की छुट्टी करीब एक बजे हुई. इसके बाद वह साइकिल से घर लौट रही थी.
इसी दौरान उसकी छोटी बहन कंप्यूटर क्लास के लिए नरकटियागंज आ रही थी. तरहरवा कुट्टी के पास उसे अपनी बहन की साइकिल सड़क पर गिरी मिली. कुछ दूरी पर पोखर किनारे छात्रा खून से लथपथ हालत में गर्दन पकड़कर खड़ी थी.
बहन के शोर मचाने पर मौके पर जुटे ग्रामीण
छात्रा को घायल अवस्था में देखकर उसकी छोटी बहन ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी और घायल छात्रा को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज पहुंचाया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने भी घटनास्थल की जांच शुरू कर दी.
गर्दन पर मिला गहरा जख्म, अस्पताल से रेफर
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विवेक रंजन ने बताया कि छात्रा को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था. प्राथमिक उपचार के दौरान गर्दन के आगे की ओर गहरा जख्म पाया गया.
स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
छात्रा के बयान से जांच में नया पहलू
बताया जा रहा है कि छात्रा ने पुलिस और चिकित्सकों के समक्ष खुद को नुकसान पहुंचाने की बात कही है. हालांकि घटना की वास्तविक वजह, परिस्थितियां और छात्रा के घायल होने के पीछे की पूरी कहानी अभी स्पष्ट नहीं है.
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. छात्रा के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
पुलिस ने घटनास्थल की शुरू की जांच
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसआई जयभगवान और रविशंकर प्रसाद को मौके पर भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: 7,194 एकड़ में 716.91 एकड़ जमीन गायब! बेतिया राज की जमीन खोजने में जुटा प्रशासन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए