रामनगर में दवा विक्रेताओं का महामंथन: केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, रमेश लाल श्रीवास्तव को कमान
बैठक में मौजूद दवा संघ के सदस्य
रामपुर में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की चुनावी बैठक संपन्न हुई, जिसमें रमेश लाल श्रीवास्तव को नया अध्यक्ष चुना गया. नई कार्यकारिणी ने संगठन को मजबूत करने और दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा का संकल्प लिया.
पश्चिम चंपारण: रामनगर नगर के नरैनापुर रोड स्थित बाला जी विवाह पैलेस में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, रामनगर की एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक आयोजित की गई. जिला पदाधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में स्थानीय दवा विक्रेताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया. बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, आपसी एकता और दवा व्यवसायियों के विभिन्न हितों व समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके उपरांत सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया.
नई कार्यकारिणी की हुई घोषणा, इन्हें मिली जिम्मेदारी
सर्वसम्मति से गठित नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ दवा व्यवसायी ओम प्रकाश झुनझुनवाला को संरक्षक और रमेश लाल श्रीवास्तव को अध्यक्ष मनोनीत किया गया. इसके अतिरिक्त कृष्णा कुमार शुक्ला को उपाध्यक्ष, श्रीकांत गुप्ता को सचिव, राहुल तुलस्यान को संगठन सचिव, प्रदीप पटेल को सह-सचिव, मनीष गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा दीपू कुमार को सह-कोषाध्यक्ष पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई.
जिला पदाधिकारियों ने दी बधाई, संगठन विस्तार पर जोर
चुनावी बैठक में जिला संगठन की ओर से जिला सचिव नरेश श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष अजय कुमार, संगठन सचिव दीपू सुल्तान तथा दीपांशु चटर्जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे. जिला पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाएगी.
दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा प्राथमिकता: कृष्ण कुमार शुक्ल
इस अवसर पर नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि नई कार्यकारिणी संगठन की एकता और मजबूती को सर्वोपरि रखेगी. दवा व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं को उचित प्रशासनिक व विभागीय मंचों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य व्यवसायियों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ समाज में सेवा और सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है. नई कार्यकारिणी ने एकता, संगठन, सेवा और सम्मान के संकल्प के साथ काम करने की बात दोहराई.
बैठक में बड़ी संख्या में दवा विक्रेता रहे उपस्थित
बैठक के दौरान श्याम अग्रवाल, पंकज पांडेय, प्रदीप कुमार, गगन देव प्रसाद, आनंद रेमी, राहुल तुलस्यान, दिनेश राय, मनीष कुमार, रमेश प्रसाद श्रीवास्तव सहित स्थानीय क्षेत्र के दर्जनों दवा विक्रेता उपस्थित रहे. सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन के प्रति एकजुटता का भरोसा दिलाया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए