चनपटिया में आज रोजगार का बड़ा मौका, 10 हजार युवाओं के लिए जॉब कैंप; रेल सुविधाओं को लेकर सांसद से मिलेंगे लोग, नरकटियागंज रूट पर कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, सीआइटीयू का जिला सम्मेलन

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर | Prabhat Khabar Network

पश्चिम चंपारण के लिए आज का दिन रोजगार और रेल सुविधा के लिहाज से खास रहने वाला है. चनपटिया में रविवार को मेगा जॉब कैंप लगेगा. वहीं बेतिया में रेल सुविधाओं को लेकर सांसद से मुलाकात की जायेगी. दूसरी ओर नरकटियागंज रूट की कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. वही सीआइटीयू का जिला सम्मेलन भी होगा.

विज्ञापन

West Champaran news: पश्चिम चंपारण में रविवार का दिन युवाओं और रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है. एक ओर चनपटिया में मेगा जॉब कैंप के जरिये हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है, तो दूसरी ओर रेल सुविधाओं में विस्तार की मांग को लेकर सांसद डॉ. संजय जायसवाल से मुलाकात की जायेगी. इसी बीच गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच दोहरीकरण कार्य के कारण नरकटियागंज रूट की कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव से यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है. वही सीआइटीयू का जिला सम्मेलन भी आज होगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

100 से अधिक कंपनियां, 10 हजार युवाओं को रोजगार का लक्ष्य

चनपटिया के गणेश प्रसाद हाई स्कूल परिसर में आज 30 अगस्त को मेगा जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है. चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन के अनुसार जॉब कैंप में 100 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना है. करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. कैंप में चंपारण और बिहार की कंपनियों के अलावा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियां भी पहुंचेंगी. अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार का अवसर मिलेगा. विधायक ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है. अभिषेक रंजन ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों और राज्यों में जाना पड़ता है. स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जॉब कैंप एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले किये गये वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है.

रेल सुविधाओं को लेकर सांसद से होगी मुलाकात

इधर बेतिया में आज पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल से रेल सुविधाओं से जुड़ी प्रमुख मांगों को लेकर मुलाकात की जायेगी. राहुल श्रीवास्तव के साथ सभी लोग एक साथ मांग-पत्र लेकर सांसद से मुलाकात करेंगे. मांग-पत्र में नरकटियागंज-पटना के बीच रात्रिकालीन स्लीपर ट्रेन शुरू करने, मोतिहारी-बेतिया-गोरखपुर-भोपाल के रास्ते पुणे तक नयी ट्रेन चलाने और 15227/28 SMVT-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस का विस्तार नरकटियागंज तक करने की मांग प्रमुख है. इसके अलावा 20103/04 LTT-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को बेतिया/नरकटियागंज तक बढ़ाने, नरकटियागंज-हटिया दैनिक ट्रेन चलाने तथा 14111/12 प्रयागराज-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस को दैनिक करने की मांग भी रखी जायेगी. इन मांगों का उद्देश्य चंपारण के यात्रियों, विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों, मरीजों और कारोबारियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है.

नरकटियागंज रूट पर आज से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

रेल यात्रियों के लिए दूसरी अहम खबर यह है कि गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच पैच दोहरीकरण के कमीशनिंग कार्य के कारण नरकटियागंज रूट की कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. नरकटियागंज से 31 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाली 55095 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी रद्द रहेगी. गोरखपुर कैंट से 31 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाली 55098 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज सवारी गाड़ी भी नहीं चलेगी. वहीं नरकटियागंज से 1 से 4 सितंबर तक चलने वाली 55097 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी भी निरस्त रहेगी. बढ़नी-नरकटियागंज सवारी गाड़ी 55040 को 30 अगस्त से 3 सितंबर तक बढ़नी से 240 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाया जायेगा. वहीं आनंद विहार से रक्सौल जाने वाली 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस को 31 अगस्त को 60 मिनट पुनर्निर्धारित किया गया है. रेलवे के अनुसार गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच दोहरीकरण कार्य तथा 3 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के कारण ये बदलाव किये गये हैं. ऐसे में नरकटियागंज, चनपटिया, बेतिया और आसपास के यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन की स्थिति जरूर जांचने की सलाह दी गयी है.


सीआइटीयू का जिला सम्मेलन

बेतिया में सीआइटीयू का जिला सम्मेलन 30 अगस्त को रिक्शा मजदूर सभा भवन में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा. सम्मेलन में सीआइटीयू के राज्य सचिव मनोज चौधरी उपस्थित रहेंगे. सीआइटीयू राज्य कमेटी के नीरज बरनवाल ने श्रमिकों एवं संबंधित लोगों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन