एक चुटकी खैनी के लिए भाई की हत्या! 3 साल से जेल में बंद आरोपी पर 8 सितंबर को आएगा फैसला
व्यवहार न्यायालय बगहा
खलवा पट्टी गांव में एक चुटकी खैनी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था. इस मामले में भाई की हत्या के आरोपी कलीमुद्दीन गद्दी पर 8 सितंबर को जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ की अदालत में फैसला सुनाया जाएगा.
Bagaha News: बगहा. धनहा थाना क्षेत्र के खलवा पट्टी गांव में एक चुटकी खैनी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था. इस मामले में भाई की हत्या के आरोप में जेल में बंद मुख्य आरोपी कलीमुद्दीन गद्दी के मामले की सुनवाई जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ मानवेन्द्र मिश्र की अदालत में पूरी हो चुकी है. अदालत ने फैसला सुरक्षित रखते हुए आठ सितंबर को निर्णय सुनाने की तिथि निर्धारित की है. अभियोजन के अनुसार, चार सितंबर 2023 को गुलाब गद्दी के साथ मारपीट के बाद उसकी मौत हो गई थी.
आपके शहर में
एक चुटकी खैनी को लेकर शुरू हुआ था विवाद
अभियोजन के अनुसार, खलवा पट्टी निवासी नाजिर गद्दी ने चार सितंबर 2023 को धनहा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसमें आरोप लगाया गया था कि उनके 35 वर्षीय पुत्र गुलाब गद्दी के साथ कलीमुद्दीन गद्दी, विश्वनाथ गद्दी, मोजरद्दीन गद्दी, मुनीब गद्दी और इरशाद गद्दी समेत अन्य लोगों ने मारपीट की थी.
प्राथमिकी में बताया गया था कि घटना की शुरुआत खैनी नहीं देने को लेकर हुए विवाद से हुई थी. बाद में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
कलीमुद्दीन ने पेचकस से गले पर किया था वार
आरोप के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद कलीमुद्दीन ने गुलाब गद्दी के गले पर पेचकस से वार कर दिया. इसके बाद उसके सिर पर लाठी से भी प्रहार किया गया.
गंभीर रूप से घायल गुलाब को परिजन इलाज के लिए लेकर जा रहे थे, इसी दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था.
मुख्य आरोपी कलीमुद्दीन 2023 से जेल में बंद
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कलीमुद्दीन गद्दी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वह छह सितंबर 2023 से जेल में बंद है.
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से नौ और बचाव पक्ष की ओर से तीन समेत कुल 12 गवाहों के बयान दर्ज किये गये. दोनों पक्षों ने गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत में अपनी दलीलें रखीं.
सुनवाई पूरी, अदालत ने फैसला रखा सुरक्षित
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ मानवेन्द्र मिश्र की अदालत में मामले की सुनवाई पूरी हो चुकी है. दोनों पक्षों की दलीलें और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अब अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है.
आठ सितंबर को अदालत द्वारा निर्णय सुनाया जाएगा. करीब तीन वर्ष से जेल में बंद मुख्य आरोपी के मामले में अब सभी की नजरें न्यायालय के फैसले पर टिकी हैं.
8 सितंबर को स्पष्ट होगा आरोप कितना साबित हुआ
आठ सितंबर को सुनाए जाने वाले फैसले से स्पष्ट होगा कि आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोप अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों से कितने साबित होते हैं.
मामले में गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत अपना निर्णय सुनाएगी. फैसले को लेकर मामले से जुड़े लोगों की नजरें अब आठ सितंबर की तारीख पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें: घर-घर होगी गंभीर बीमारियों की मुफ्त जांच, जानें किन बीमारियों की होगी स्क्रीनिंग और कब तक चलेगा अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए