Bettiah News: मझौलिया में मवेशी चोरों का तांडव: एक ही रात आधा दर्जन घरों से गाय-भैंसें गायब, लाखों का नुकसान

भैंस की तस्वीर
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मझौलिया में मवेशी चोरों ने एक ही रात में तीन गांवों से आधा दर्जन गाय-भैंसें चुरा लीं. चोरी गए मवेशियों की कीमत करीब 5.50 लाख रुपये है. लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है. पढ़ें पूरी खबर…
Bettiah News:पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में मवेशी चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बीती रात चोरों ने अलग-अलग गांवों में धावा बोलकर करीब 5.50 लाख रुपये मूल्य के आधा दर्जन मवेशियों की चोरी कर ली. सुबह जब पशुपालक अपने बथान पहुंचे, तो खाली खूंटे देख उनके होश उड़ गए. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
एक ही रात कई गांवों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से धोकराहा, भलुही और चैती गांव को निशाना बनाया. धोकराहा निवासी सुजीत गद्दी और भूलन गद्दी की भैंसें चोरी हुईं, जबकि भलुही गांव के अली बैठा और मुस्लिम बैठा के पशु भी गायब मिले. वहीं, मोहद्दीपुर पंचायत के चैती गांव निवासी सुरेंद्र साह के बथान से भी चोर भैंस खोल ले गए. पीड़ितों ने बताया कि शाम को मवेशियों को बांधा गया था, लेकिन सुबह तक चोरों ने सब साफ कर दिया.
दहशत में पशुपालक, गश्ती बढ़ाने की मांग
मझौलिया थाना क्षेत्र में पिछले एक माह के भीतर चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है. ग्रामीणों के अनुसार, 15 दिन पहले सगीर मियां की भैंस और एक माह पूर्व हरी सिंह की गाय भी चोरी हुई थी. लगातार हो रही इन वारदातों से पशुपालक डरे हुए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की रात्रि गश्ती सुस्त है, जिसका फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और इलाके में रात के समय पुलिस का पहरा बढ़ाया जाए ताकि गरीब पशुपालकों की जमा पूंजी सुरक्षित रह सके.
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










